Greater Noida: शादी समारोह में जमकर बवाल, कई गाड़ियों में सवार होकर आए हमलावरों ने बरातियों पर बरसाए लाठीं-डंडे और फरसा
रामपुर गांव में दनकौर क्षेत्र के जगनपुर गांव से बारात आई थी। उसी दौरान कारों में सवार होकर आए दबंगों ने बारात पर हमला कर दिया। जिनके बीच जमकर लाठीं—डंडे और फरसा चले।

दादरी कोतवाली क्षेत्र के रामपुर फतेहपुर गांव में शादी के दौरान जमकर बवाल हुआ। कई गाड़ियों में सवार होकर हमलावरों ने लाठी डंडे और फरसों से हमला कर दिया। हमलावरो की संख्या करीब 40 बताई जा रही है। चढ़त से पहले मिलाई की रस्म निभाई जा रही थी। उसी दौरान घटना को अंजाम दिया गया। आरोप है कि कई राउंड फायरिंग भी की गई। घटना में 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, रामपुर गांव में दनकौर क्षेत्र के जगनपुर गांव से बारात आई थी। उसी दौरान कारों में सवार होकर आए दबंगों ने बारात पर हमला कर दिया। जिनके बीच जमकर लाठीं—डंडे और फरसा चले। घटना के दौरान मौके पर अफरा तफरी का माहौल हो गया और भगदड़ मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिनमें से कई हालत नाजुक होने पर आईसीयू में उपचार किया जा रहा है।
घटना में देशराज (80) उनके बेटे देवेंद्र ,वीरेंद्र, राजेंद्र और भतीजे श्रीनिवास और अन्य लोगों पर जानलेवा हमला किया गया, जोकि घटना में घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन टीमों को गठन किया है। बताया जा रहा है कि आपसी विवाद में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। घायल पक्ष के दीपक नागर ने बताया कि बारात में मिलाई के दौरान गाड़ियों से 40 लोग आए और हमला कर दिया। उनके पास राइफल भी थी। इस दौरान कई राउंड फायरिंग भी की गई।हमले में हमारे परिवार के 10 लोग घायल है।
एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष एक ही गांव के रहने वाले है। फायरिंग की कोई घटना नहीं हुई है। पुरानी रंजिश के चलते यह मारपीट की गई है। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




