नोएडा में मेट्रोपॉलिटन कॉरपोरेशन गठन को कैबिनेट की मंजूरी, विधायक मदन भैया ने मुख्यमंत्री का जताया आभार, पुनर्गठन के प्रयास के लिए कर्मवीर नागर को दी बधाई

नोएडा : उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में नोएडा में मेट्रोपॉलिटन कॉरपोरेशन के गठन को मंजूरी दिए जाने पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। इस ऐतिहासिक फैसले को नोएडा वासियों के लिए नववर्ष का बड़ा तोहफा बताते हुए खतौली विधायक मदन भैया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी एवं उत्तर प्रदेश कैबिनेट का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
मदन भैया ने कहा कि यह निर्णय पूरी तरह जनहित में है और इससे नोएडा/ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के नागरिकों को अपनी स्थानीय सरकार चुनने का अधिकार मिलेगा। मेट्रोपॉलिटन कॉरपोरेशन के गठन से स्थानीय स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि कैबिनेट बैठक से पूर्व पंचायत पुनर्गठन/नगर निगम पुनर्गठन का यह महत्वपूर्ण मुद्दा क्षेत्र के ब्लॉक प्रमुख एवं समाजसेवी श्री कर्मवीर नागर प्रमुख द्वारा लगातार उठाया जाता रहा है। श्री नागर पिछले 5–6 वर्षों से इस विषय को लेकर निरंतर संघर्षरत रहे और उन्होंने शासन-प्रशासन को कई बार पत्राचार कर आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों और मेट्रोपॉलिटन/नगर निगम गठन से मिलने वाली सुविधाओं से अवगत कराया। इस प्रयास की सफलता के लिए उन्होंने कर्मवीर प्रमुख को बधाई दी..
कर्मवीर नागर ने कहा,
“मैं स्वयं भी पंचायत पुनर्गठन और नगर निगम पुनर्गठन के संबंध में उत्तर प्रदेश सरकार को लिखित रूप से अवगत कराता रहा हूं। आज कैबिनेट द्वारा मेट्रोपॉलिटन कॉरपोरेशन गठन की मंजूरी यह साबित करती है कि जनता की आवाज और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों को गंभीरता से सुना गया है।”
उन्होंने कहा कि ये फैसला नोएडा वासियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत करने वाला कदम है।




