Greater Noida: गलगोटिया विश्वविद्यालय पर तालाबंदी करने जा रहे 32 गिरफ्तार, सपा छात्रसभा ने किया था ऐलान
दनकौर कोतवाली पुलिस ने सपा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष मोहित नागर समेत कई कार्यकर्ताओं को रास्ते में ही रोक लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि सपा छात्र सभा के कार्यकर्ता दोपहर में विश्वविद्यालय की तरफ कूच कर रहे थे।

दनकौर कोतवाली क्षेत्र में स्थित गलगोटिया विश्वविद्यालय पर तालाबंदी करने जा रहे सपा छात्र सभा के 32 को हिरासत में लिया है। एआई समिट में हुए रोबोट विवाद को लेकर सपा ने पहले ही विश्वविद्यालय पर तालाबंदी करने का ऐलान किया है।
दनकौर कोतवाली पुलिस ने सपा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष मोहित नागर समेत कई कार्यकर्ताओं को रास्ते में ही रोक लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि सपा छात्र सभा के कार्यकर्ता दोपहर में विश्वविद्यालय की तरफ कूच कर रहे थे। सपा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष मोहित नागर ने बताया कि कुछ दिनों पहले उन्होंने विश्वविद्यालय पर प्रदर्शन किया था। इस दौरान प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग को लेकर एक ज्ञापन राष्ट्रपति के नाम पुलिस को सौंपा था। उन्होंने बताया कि चीन के रोबोट को विश्वविद्यालय प्रबंधन की तरफ से अपना बताने पर देश की छवि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धूमिल हुई थी। इस दौरान सपाइयों और पुलिस के बीच नोकझोक भी हुई। पुलिस ने खींचातानी कर बसों में भरकर उन्हें कोतवाली ले गई।
सपा छात्र सभा के पदाधिकारियों का आरोप है कि एआई समिट के दौरान विश्वविद्यालय प्रबंधन ने देश की छवि धूमिल की थी। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मामले पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया, जिसके विरोध में उन्होंने शांतिपूर्ण प्रदर्शन और तालाबंदी का कार्यक्रम तय किया था। दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि प्रदर्शन करने जा रहे छात्रों को हिरासत में ले लिया गया है।




