Greater Noida: पुष्प प्रदर्शनी में स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता में ग्रेनो वेस्ट की स्टेलर वन सोसाइटी ने हासिल किया पहला स्थान
दोनों ही श्रेणी में दो-दो सांत्वना पुरस्कारों की भी घोषणा की गई। इन सभी को दादरी विधायक तेजपाल नागर और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने पुरस्कृत किया।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता में आवासीय श्रेणी में सेक्टर एक स्थित स्टेलर वन सोसाइटी ने पहला स्थान प्राप्त किया है। दूसरे स्थान पर सेक्टर -1 स्थित स्टेलर जीवन और तीसरे स्थान पर एडब्ल्यूएचओ टाउनशिप रही, जबकि गैर आवासीय श्रेणी में प्रज्ञान स्कूल पहले स्थान, डीपीएस स्कूल दूसरे व बैनेट यूनिवर्सिटी तीसरे स्थान पर रहे। दोनों ही श्रेणी में पहले स्थान के विजेताओं को एक -एक लाख रुपए, दूसरा स्थान पर पाने वाले विजेताओं को 75-75 हजार और तीसरा स्थान पाने वाले विजेताओं को 50-50 हजार रुपए की धनराशि प्रदान की गई।
दोनों ही श्रेणी में दो-दो सांत्वना पुरस्कारों की भी घोषणा की गई। इन सभी को दादरी विधायक तेजपाल नागर और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने पुरस्कृत किया। आवासीय श्रेणी में सांत्वना पुरस्कार एल्डिको मैस्टिक ग्रींस अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन ओमिक्रोन-1 और पूर्वांचल सिल्वर सिटी 2-फाई-2 को दिया गया जबकि गैर आवासीय श्रेणी का पुरस्कार बेथानी कॉन्वेंट स्कूल और क्राउन प्लाजा, सूरजपुर को दिया गया। सांत्वना पुरस्कार पाने वाले इन चारों प्रतिभागियों को 25-25 हजार रुपए की धनराशि प्रदान की गई। सिटी पार्क में चल रहे पुष्प प्रदर्शनी के मंच से इन विजेताओं को प्रस्तुत किया गया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर शुरू की गई स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता की इन विजेताओं ने सराहना की। रिहायशी सोसाइटी व शिक्षण संस्थान को और स्वच्छ व सुंदर बनाने का संकल्प लिया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने ग्रेटर नोएडा के सभी बल्क वेस्ट जेनरेटरों से परिसर से निकलने वाले कूड़े को प्रोसेस कर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग की अपील की है।
बता दें, कि 26 फरवरी से 1 मार्च तक चार दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन रविवार को सिटी पार्क में संपन्न हो गया। इस प्रदर्शनी में 50 से अधिक वैरायटी के 70 हजार पुष्पों को प्रदर्शित किया गया, जिसे देखने के लिए पूरे जिले से 3 लाख से अधिक लोग पहुंचे।



