Noida: नोएडा की पॉश सोसाइटी में ‘खूनी होली’, प्रेम प्रसंग में युवक की गोली मारकर हत्या

पूरा देश होली के उल्लास में डूबा था, वहीं नोएडा के पॉश इलाके में सरेआम कत्ल की वारदात से सनसनी फैल गई। सेक्टर-113 कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसाइटी में एक युवक को उनकी प्रेमिका के भाई ने गोली मारकर हत्या कर दी।
मृतक की पहचान 39 वर्षीय साहिल सिंघल के रूप में हुई है। एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि साहिल शादीशुदा थे, लेकिन पिछले 4 वर्षों से उनका एक अन्य महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। होली के दिन, वह महिला अपने दो भाइयों के साथ साहिल से मिलने आईवी काउंटी सोसाइटी पहुंची थी। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि महिला के भाई ने आपा खो दिया और साहिल पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही साहिल लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घायल साहिल को आनन-फानन में पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। पीड़ित के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है और मौके पर मौजूद महिला के दोनों भाइयों को हिरासत में ले लिया है।
पॉश सोसाइटी के अंदर हुई इस हाई-प्रोफाइल हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी हथियार लेकर सोसाइटी के अंदर कैसे दाखिल हुए और क्या यह हत्या पहले से नियोजित थी।




