भारतीय किसान यूनियन ने डीसीपी प्रवीन रंजन सिंह का किया स्वागत, किसानों की समस्याओं को लेकर रखीं मांगें

नोएडा – गौतम बुद्ध नगर में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) प्रवीन रंजन सिंह का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
किसान नेताओं ने विशेष रूप से आबादी के निस्तारण, बिजली के फर्जी बिलों को खत्म करने, चोरियों के झूठे मुकदमों को वापस लेने और किसानों के खेती के उपकरणों को पुलिस द्वारा न रोके जाने जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया। यूनियन के प्रतिनिधियों ने कहा कि इन मुद्दों के कारण किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए प्रशासन को इनका जल्द समाधान करना चाहिए।
भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होगा।
इस मौके पर पवन खटाना, सुनील प्रधान, अनित कसना, गुलाब बिधूड़ी, अजीत अधाना, रॉबिन नागर, योगेश भाटी, गजेंद्र चौधरी, लाला यादव, अमित डेटा, सुंदर पवन नागर, ललित चौहान, अमित सचिन, गजराज भाटी, बेगराज प्रधान, जगत प्रधान, सोनू मामूरा, अरविंद लोहिया, महेश खटाना सहित सैकड़ों किसान-मजदूर मौजूद रहे।




