Noida: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन में जान झोक रही भाजपा, गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने छात्रों को जारी किया फरमान
इसी को देखते हुए युवाओं को भी अधिक से अधिक जोड़ा जा रहा है। यही वजह है कि कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को कार्यक्रम में शामिल करने की अपील की जा रही है।

नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं से लेकर सरकारी मशीनरी को भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी है। उत्तर प्रदेश में होने वाले 2027 विधानसभा चुनाव से पहले एयरपोर्ट का उद्घाटन अहम माना जा रहा है। भाजपा इसे पूरी तरह चुनाव में भुनाना चाहती है।
इसी को देखते हुए युवाओं को भी अधिक से अधिक जोड़ा जा रहा है। यही वजह है कि कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को कार्यक्रम में शामिल करने की अपील की जा रही है। गलगोटिया यूनिवर्सिटी की तरफ से एक मैसेज तेजी के साथ वायरल हो रहा है। जिसमें स्टूडेंट्स को शनिवार सुबह 7.45 बजे यूनिवर्सिटी पहुंचने के लिए कहा गया है। जिसमें उन्हें नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उदघाटन में कंपलसरी चलने की बात कही गई है।
शिक्षक भी होंगे शामिल
वहीं, सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को उद्घाटन में शामिल होने की सूची कई दिनों पहले जारी की गई थी। इसके लिए चारों ब्लॉक से शिक्षकों की सूची तैयार करके विभाग ने मांगी थी। बिसरख, दादरी, जेवर और दनकौर ब्लॉक में संचालित हो रहे 512 स्कूलों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को रैली में शामिल होने के लिए मौखिक रूप से बोला गया है। इसके लिए बिसरख ब्लॉक से 600, दादरी ब्लॉक से 300, जेवर और दनकौर ब्लॉक से भी शिक्षकों की सूची बनाई गई है। इसके साथ सूची में जिन शिक्षकों का नाम है, उनको जानकारी दे दी गई है। साथ ही बस किस जगह जाएगी, ये भी बताया गया है। हालांकि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि ऐसा कुछ नहीं किया जा रहा है, कोई आदेश नही है। जबकि, खंड शिक्षा अधिकारियों के द्वारा शिक्षकों के पास सूची को भेजा गया है।




