Noida: नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष से पांच करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में नहीं हुई सुनवाई, रवि काना से जुड़ा है मामला
वह सेक्टर-62 में रहते है। सेक्टर-42 के पास जंगल में दो बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया और पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी।

नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष से रंगदारी मांगने के मामले में सोमवार को जिला न्यायालय ने स्क्रैप कारोबारी और सरिया माफिया रवि काना की सुनवाई टाल दी है। दो अप्रैल को अब दोबारा से न्यायालय सुनवाई करेगा। आरोपी पक्ष के अधिवक्ता के मुताबिक, मामले की जांच कर रहे विवेचक अदालत में केस डायरी और जरूरी सबूत पेश करने नहीं पहुंचे है।
नोएडा के सेक्टर-39 कोतवाली क्षेत्र में नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक कुमार द्विवेदी 21 को एक शादी समारोह से लौट रहे थे। वह सेक्टर-62 में रहते है। सेक्टर-42 के पास जंगल में दो बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया और पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। उन्होंने रवि काना का जिक्र करते हुए कहा कि अब वह जेल से बाहर आ चुका है। साथ ही पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। सोमवार को इस मामले में जिला जज की अदालत में सुनवाई होनी थी। लेकिन अभियोजन पक्ष ने साक्ष्य जुटाने का हवाला देते हुए अगली तारीख मांगी।
वहीं, आरोपी पक्ष के वकील ललित मोहन गुप्ता ने कहा कि मामले की जांच कर रहे विवेचक अदालत में केस डायरी और जरूरी सबूत पेश करने नहीं पहुंचे। इसी वजह से न्यायालय ने सुनवाई टाल दी है।




