2027 मिशन की तैयारी तेज: BJP प्रदेश कार्यकारिणी में बड़े बदलाव, इसी हफ्ते ऐलान और जल्द होगा मंत्रिमंडल विस्तार!

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेश कार्यकारिणी की सूची में आवश्यक संशोधन पूरे कर लिए गए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इन बदलावों के बाद नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा इसी सप्ताह किए जाने की पूरी संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश में जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार का रास्ता भी साफ हो गया है।
पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद अब पार्टी का पूरा फोकस वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों पर केंद्रित हो गया है। इसी रणनीति के तहत संगठन और सरकार, दोनों स्तरों पर संतुलन और समीकरण साधने की तैयारी तेज कर दी गई है।
प्रदेश संगठन चुनाव की लगभग डेढ़ साल लंबी प्रक्रिया के बाद दिसंबर में पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनके नेतृत्व में अधिकांश जिला कार्यकारिणियों की घोषणा पहले ही हो चुकी है। अब सभी की निगाहें प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा पर टिकी हुई हैं।
सूत्रों के अनुसार, कार्यकारिणी की सूची को अंतिम रूप देने के लिए लखनऊ से लेकर दिल्ली तक कई दौर की महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया गया। प्रदेश स्तर पर तैयार सूची को केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजा गया था, जहां से कुछ नामों में संशोधन के निर्देश दिए गए। इन संशोधनों को अब पूरी तरह लागू कर लिया गया है।
वर्तमान में प्रदेश अध्यक्ष विदेश दौरे पर हैं और उनके बुधवार तक लौटने की संभावना है। उनके लौटते ही नई कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह फेरबदल केवल संगठनात्मक बदलाव नहीं, बल्कि 2027 के चुनावी समीकरणों को साधने की एक बड़ी रणनीति का हिस्सा है। साथ ही, योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार भी इसी रणनीति को मजबूत करेगा।



