Noida: बारिश और तूफान से मिली लोगों को राहत, जिला प्रशासन ने तीनों दिनों तक सतर्कता रहने के लिए जारी की एडवाइजरी
जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी ने बताया कि 29 मई को मौसम का प्रभाव सर्वाधिक रहने की संभावना है।

गौतमबुद्ध नगर में आंधी-तूफान, वज्रपात और खराब मौसम की संभावना जताई गई है। जिसको लेकर वीरवार को जिला आपदा प्रबंधन एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी के मुताबिक, 31 मई तक प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम में बदलाव की संभावना है। इस दौरान तापमान में छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होने का उम्मीद है। साथ ही राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, तूफान, ओलावृष्टि और बारिश होने की संभावना है।
जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी ने बताया कि 29 मई को मौसम का प्रभाव सर्वाधिक रहने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। खराब मौसम को देखते हुए जनहानि और संपत्ति को नुकसान हो सकता है। जिला आपदा विशेषज्ञ ने बताया कि संभावना निम्रांकित क्षेत्र में जनपद गौतमबुद्धनगर ऑरेंज ज़ोन में है।
मौसम के पूर्वानुमान हेतु आईएमडी द्वारा विकसित दामिनी ऐप और सचेत ऐप को अपने मोबाइल में डाउनलोड कर सकते है। जिससे आंधी, तूफान, आकाशीय बिजली एवं वज्रपात की पूर्व सूचना समय से प्राप्त हो सके।
मौसम हुआ सुहाना
गौतमबुद्ध नगर में तूफान के बाद आई बारिश ने गर्मी से राहत दी है। पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी के बीच चलने वाली लू के थपेड़ों ने लोगों को परेशान किया हुआ था। तेज हवाओं के साथ आई बारिश से लोगों को राहत मिली है। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी की वजह से लोग परेशान थे।




