Noida: नोएडा एयरपोर्ट के पास जेवर में मंगलराज, 8200 करोड़ की परियोजना का लोकार्पण, बना मोबाइल हब
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज पूरी दुनिया ऊर्जा संकट की चुनौतियों से जूझ रही है।

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने यमुना सिटी के सेक्टर—10 में 8200 करोड़ रूपये के निवेश से स्थापित होने वाले सेल के सोलर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास किया। 200 एकड़ जमीन में विकसित होने वाली यह कंपनी 5 गीगावाट सोलर सेल एवं 5 गीगावाट सोलर मॉड्यूल निर्माण क्षमता से युक्त होगा। इस परियोजना से प्रदेश में लगभग 5000 प्रत्यक्ष एवं 15000 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज पूरी दुनिया ऊर्जा संकट की चुनौतियों से जूझ रही है। ऐसे समय में भारत ने दूरदर्शी सोच के साथ ऊर्जा और ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देकर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रभावी कदम उठाए हैं। इंटरनेशनल सोलर एलायंस जैसे प्रयासों के माध्यम से भारत ने दुनिया को स्वच्छ ऊर्जा का मार्ग दिखाया है। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देश तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के जरिए यूपी में छह लाख से अधिक परिवार सोलर पैनल लगाकर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इससे लोगों के बिजली खर्च में कमी आई है और प्रदेश में सौर ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिला है। प्रदेश का लक्ष्य अगले दो वर्षों में 2000 मेगावाट तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता विकसित करना है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश 6000 मेगावाट से अधिक बिजली नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के साथ-साथ पराली से सीबीजी, सीएनजी और इथेनॉल उत्पादन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जेवर क्षेत्र आज विकास की नई कहानी लिख रहा है। कुछ वर्ष पूर्व तक जिस क्षेत्र की पहचान पिछड़ेपन और समस्याओं से थी, वही आज देश के सबसे महत्वपूर्ण विकास केंद्रों में शामिल हो रहा है। नोएडा एयरपोर्ट की वजह से देश और दुनिया के निवेशक यूपी आना चाहते है। आज के दौर में जेवर में मंगल ही मंगल है। जेवर क्षेत्र जल्द ही मोबाइल हब बनकर उभर रहा है। साथ ही गौतमबुद्ध नगर इलेक्ट्रिोनिक हब बन रहा है। उन्होंने कहा कि यूपी में निवेश को बढ़ावा देने के लिए 36 सेक्टरल नीतियां लागू की गई हैं। प्रदेश में 75 हजार एकड़ से अधिक का लैंड बैंक, बेहतर एक्सप्रेसवे नेटवर्क, मजबूत रेलवे व्यवस्था और उत्कृष्ट सड़क कनेक्टिविटी उपलब्ध है।



