जिम्स कर्मचारियों की गिरफ्तारी पर भाकियू ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, बिना शर्त रिहाई की मांग

ग्रेटर नोएडा – भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने जिम्स (GIMS) अस्पताल में धरना दे रहे कर्मचारियों की पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने गिरफ्तार कर्मचारियों को बिना शर्त रिहा करने, उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
भाकियू के जिला अध्यक्ष राजीव मलिक द्वारा दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जिम्स अस्पताल में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना दे रहे कर्मचारियों, जिनमें महिला कर्मचारी भी शामिल थीं, को पुलिस ने रात के समय हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। संगठन ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि कर्मचारियों के आंदोलन को दबाने के बजाय उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। साथ ही, यदि जांच में जिम्स प्रशासन अथवा संबंधित अधिकारियों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
भारतीय किसान यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया और गिरफ्तार लोगों को रिहा नहीं किया गया, तो संगठन आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगा।



