भामाशाह जयंती पर व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन, व्यापारियों की एकजुटता पर दिया गया जोर

नोएडा – दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एडवोकेट गौरव सिंघल के संयोजन में अग्रसेन भवन, नोएडा में व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न वैश्य एवं व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रवाल मित्र मंडल एवं सेक्टर-50 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष मूलचंद गुप्ता ने की। मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष दीपक विग, किसान यूनियन के वरिष्ठ नेता सुभाष कुमार भाटी, उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के चेयरमैन नरेश कुच्छल तथा अखिल भारतीय अग्रवाल वैश्य मित्र मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधाकृष्ण गर्ग उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव नवीन गुप्ता ने कार्यक्रम में भाग लिया।
अपने संबोधन में दीपक विग ने समाज के सभी वर्गों की एकता पर बल देते हुए कहा कि वैश्य समाज को धन के साथ-साथ सत्य और न्याय के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने वैश्य समाज से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के चेयरमैन नरेश कुच्छल ने कमजोर एवं वंचित व्यापारियों को समान अवसर और सम्मान देने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने दानवीर भामाशाह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस प्रकार सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा करता है, उसी प्रकार व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने व्यापारी एवं वैश्य समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और जातिगत सीमाओं से ऊपर उठकर एक मजबूत संगठन के रूप में संगठित होने का संकल्प व्यक्त किया।
अध्यक्षीय संबोधन में मूलचंद गुप्ता ने कहा कि जिस प्रकार दानवीर भामाशाह ने महाराणा प्रताप का साथ देकर राष्ट्रहित में योगदान दिया था, उसी प्रकार आज वैश्य समाज को भी अपने अधिकारों और समाजहित के लिए आगे आना होगा।
कार्यक्रम के संयोजक एडवोकेट गौरव सिंघल ने कहा कि सभी व्यापारी, चाहे उनका आर्थिक स्तर कुछ भी हो, समाज के लिए समान महत्व रखते हैं और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष किया जाएगा।
इस अवसर पर सुनीता शारदा, शंभू पोखरियाल, रामनिवास बंसल, डीपी गोयल, राजेंद्र जैन, आलोक गुप्ता, विपिन अग्रवाल, बाबूलाल बंसल, मनोज गोयल, नेत्रपाल बंसल, विकास बंसल, भूपेंद्र मित्तल, मुकेश गुप्ता, राधेश्याम गोयल, धर्मवीर चौहान, मनोज भाटी, संदीप चौहान, दाताराम यादव, दिनेश यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



