महाराष्ट्र के बाद अब नोएडा! हनीमून बना खौफनाक, पति पर जान लेने की कोशिश का आरोप

नोएडा – हाल ही में चर्चित पहाड़ी क्षेत्र में मंगेतर की हत्या के मामले के बाद अब नोएडा से एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नोएडा के सेक्टर-75 निवासी एक नवविवाहिता ने अपने पति पर हनीमूनके दौरान दार्जिलिंग में सीढ़ियों से धक्का देकर जान से मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना सेक्टर-113 पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, उनका विवाह 30 अप्रैल 2026 को हरविंदर चौहान से हुआ था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शादी के अगले ही दिन से पति ने गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना शुरू कर दी थी। कुछ दिनों बाद दोनों हनीमून के लिए सिक्किम और दार्जिलिंग गए।
आरोप है कि 9 मई को दार्जिलिंग के एक होटल में पति ने जान से मारने की नीयत से उन्हें सीढ़ियों से नीचे धक्का दे दिया। इस घटना में पीड़िता के दोनों घुटनों, सिर और पेट में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उनका उपचार कराया गया, जिसकी मेडिकल रिपोर्ट भी पुलिस को उपलब्ध कराई गई है।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर नोएडा के थाना सेक्टर-113 पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला एक बार फिर वैवाहिक संबंधों में बढ़ते अपराधों और घरेलू हिंसा जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर चिंता बढ़ाने वाला माना जा रहा है।



