×
Uncategorized

Noida: लॉ रेजीडेंशिया सोसाइटी के बेसमेंट में लगी आग, फ्लैटों में धुआं भरने के बाद मच गई अफरा-तफरी

सोसायटी निवासियों के मुताबिक, टावर-37 के समीप निर्माणाधीन टावर के बेसमेंट एरिया में काफी समय से कूड़ा पड़ा हुआ था।

बिसरख कोतवाली क्षेत्र की ला रेजीडेंशिया सोसायटी में शनिवार शाम निर्माणाधीन टावर के बेसमेंट में पड़े कूड़े में अचानक आग लग गई। आग से उठे काले धुएं ने कुछ ही देर में आसपास के टावरों को अपनी चपेट में ले लिया। धुआं सोसायटी के कई फ्लैटों के अंदर तक पहुंच गया। घरों में धुआं भरने से लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। स्थिति ऐसी हो गई कि लोग अपने बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों को लेकर फ्लैटों से बाहर भागने लगे। अचानक मची अफरा-तफरी से सोसायटी में दहशत का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

सोसायटी निवासियों के मुताबिक, टावर-37 के समीप निर्माणाधीन टावर के बेसमेंट एरिया में काफी समय से कूड़ा पड़ा हुआ था। शनिवार शाम अचानक कूड़े में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया और वहां से काले धुएं का गुबार उठने लगा। शाम के समय पार्क एरिया में चारों तरफ काला धुआं फैलता देखकर लोग घबरा गए। शुरुआत में लोगों ने इसकी जानकारी सोसायटी की मेंटेनेंस टीम को दी, लेकिन कुछ ही देर में धुआं तेजी से आसपास के टावरों की तरफ फैलने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेसमेंट से निकल रहा धुआं आसपास के टावरों के फ्लैटों तक पहुंच गया। कई घरों के अंदर धुआं भरने लगा, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ा। धुएं की वजह से घरों में रुकना मुश्किल हो गया। इसके बाद लोग अपने परिवार के सदस्यों के साथ फ्लैट खाली कर बाहर खुले स्थान पर पहुंचने लगे। पार्क, बेसमेंट और निचले फ्लोर तक धुआं फैलने से सोसायटी में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

निवासियों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को दी। सीएफओ प्रदीप कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियों को टीम के साथ मौके पर भेजा गया था। निर्माणाधीन टावर के बेसमेंट में पड़े कूड़े में आग लगी थी। धुआं अधिक होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीम ने आग पर काबू पा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

 

 

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Tags

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Related Articles

Back to top button
Close