Noida: जीबीयू को बेस्ट यूनिवर्सिटी, कुलसचिव को मिलेगा नेशनल जियोस्पेशियल फैकल्टी फेलो अवॉर्ड
पुरस्कारों का आयोजन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे की स्पेस एंड जियोस्पेशियल एफओएसएसईई परियोजना और रूरल डेटा रिसर्च एंड एनालिसिस लैब द्वारा किया जा रहा है।

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय(जीबीयू) ने राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय को नेशनल जियोस्पेशियल अवॉर्ड्स 2026 के तहत प्रतिष्ठित ‘बेस्ट यूनिवर्सिटी नेशनल (ज्यूरी) अवॉर्ड’ के लिए चयनित किया गया है। यह सम्मान भू-स्थानिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विश्वविद्यालय के योगदान, क्षमता निर्माण, शैक्षणिक गतिविधियों तथा जन-जागरूकता के प्रयासों के लिए प्रदान किया जाएगा।
पुरस्कारों का आयोजन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे की स्पेस एंड जियोस्पेशियल एफओएसएसईई परियोजना और रूरल डेटा रिसर्च एंड एनालिसिस लैब द्वारा किया जा रहा है। विश्वविद्यालय का चयन निर्णायक मंडल एवं आयोजन समिति द्वारा किया गया है। इस उपलब्धि के साथ गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश में भू-स्थानिक शिक्षा के विस्तार के लिए प्रदेश के सभी 80 जनपदों के नोडल केंद्र के रूप में कार्य करने की योजना बना रहा है। इसके माध्यम से विभिन्न जनपदों में भू-स्थानिक विज्ञान, तकनीकी प्रशिक्षण, शोध एवं कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसी क्रम में विश्वविद्यालय शैक्षणिक सत्र 2027 से जियोस्पेशियल डेटा साइंस में स्नातकोत्तर (मास्टर्स) कार्यक्रम प्रारंभ करने की योजना भी बना रहा है। इस पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों को जीआईएस , रिमोट सेंसिंग, भू-स्थानिक तकनीक एवं डेटा विश्लेषण जैसे उभरते क्षेत्रों में विशेषज्ञता प्रदान की जाएगी। इससे प्रदेश में कुशल मानव संसाधन विकसित करने के साथ रोजगार और अनुसंधान की नई संभावनाएं भी सृजित होंगी।
विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव प्रो. चंदर कुमार सिंह को भी व्यक्तिगत श्रेणी में प्रतिष्ठित ‘नेशनल जियोस्पेशियल फैकल्टी फेलो अवॉर्ड’ के लिए चयनित किया गया है। यह सम्मान भू-स्थानिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनके शोध योगदान तथा उत्तर प्रदेश में क्षमता निर्माण एवं जन-जागरूकता संबंधी पहलों के लिए प्रदान किया जाएगा।



