नोएडा में जरूरतमंदों के लिए शुरू हुआ मेडिसिन डोनेशन अभियान, एक्सोटिका फ्रेस्को बनी पहली सहभागी सोसायटी

नोएडा। सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने और जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से नोएडा में मेडिसिन डोनेशन अभियान की शुरुआत की गई है। एक्सोटिका फ्रेस्को AOA ने NOFAA (नोएडा फ्लैट ओनर्स एसोसिएशन) एवं नोएडा लोक मंच के संयुक्त सहयोग से इस पहल का शुभारंभ किया है।
इस अभियान के तहत सोसायटी के निवासी अपने घरों में अनुपयोगी पड़ी ऐसी दवाइयां, जिनकी एक्सपायरी डेट बाकी है, दान कर सकेंगे। इनमें टैबलेट, कैप्सूल और सीलबंद सिरप की बोतलों के अलावा नए एवं अप्रयुक्त एडल्ट डायपर्स तथा अन्य उपयोगी हेल्थकेयर सामग्री भी शामिल हैं। इसके लिए एक्सोटिका फ्रेस्को के क्लब हाउस रिसेप्शन पर डोनेशन बॉक्स लगाया गया है।
अभियान के तहत एकत्रित की गई सामग्री नोएडा लोक मंच की टीम द्वारा प्रत्येक सप्ताह एकत्र की जाएगी और सेक्टर-12 स्थित दवा बैंक एवं डिस्पेंसरी तक पहुंचाई जाएगी। यहां इन दवाइयों और स्वास्थ्य संबंधी सामग्रियों का उपयोग जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा।
इस अवसर पर NOFAA एवं एक्सोटिका फ्रेस्को AOA के महासचिव सुरोजित दासगुप्ता ने कहा कि एक्सोटिका फ्रेस्को इस पहल को शुरू करने वाली पहली सोसायटी है। उन्होंने कहा कि घरों में अनुपयोगी पड़ी दवाइयां किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए उपचार और राहत का माध्यम बन सकती हैं। इस अभियान का उद्देश्य सामुदायिक सहभागिता के जरिए सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करना है।
उन्होंने आगे कहा कि इस पहल को NOFAA की अन्य सदस्य सोसायटियों तक भी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें और जरूरतमंदों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने इस नेक कार्य में सहयोग के लिए नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
अभियान के माध्यम से लोगों से अपील की गई है कि वे सुरक्षित एवं उपयोग योग्य दवाइयों और स्वास्थ्य सामग्री का दान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाएं। अभियान का संदेश है— दवाइयां दान करें, संवेदना बांटें और जीवन बचाएं।




