पटना के नामी उद्योगपति गोपाल खेमका की सरेआम गोली मारकर हत्या, पुलिस पर लापरवाही के गंभीर आरोप
नोएडा : शुक्रवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे, पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में स्थित होटल पनाश के पास घात लगाकर अपराधियों ने प्रसिद्ध उद्योगपति गोपाल खेमका को गोली मार दी।
खेमका बांकीपुर क्लब से रोज़ाना की तरह घर लौट रहे थे और कार से उतरते ही हमलावरों ने सिर के बेहद करीब से फायर किया। परिवार ने आनन-फानन में निजी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डेढ़ घंटे बाद पहुँची पुलिस, गुस्साए परिजन
परिजनों का आरोप है कि गांधी मैदान थाने की टीम घटना के लगभग डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुँची, जबकि सिटी एसपी (मध्य) दीक्षा करीब दो घंटे देर से पहुँचीं। घटनास्थल पर बिखरे कारतूस के खोखों को पुलिस ने ईंट-बांस से घेर कर रखा। इस लापरवाही को लेकर अस्पताल और घर दोनों जगह भारी हंगामा हुआ।
परिवार कब तक बलि देगा?—पप्पू यादव
घटना की सूचना पाकर पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव सबसे पहले पहुँचे। उन्होंने याद दिलाया कि 20 दिसंबर 2018 को खेमका के बेटे गुंजन खेमका की भी इसी तरह गोली मारकर हत्या की गई थी।
यादव ने पुलिस की तैयारी और वर्तमान कानून-व्यवस्था पर तीखे सवाल उठाते हुए कहा, “महज़ 300 मीटर दूर थाना है, फिर भी अपराधी आराम से वारदात कर चले जाते हैं—बिहार में यह क्या हो रहा है?”
उद्योग जगत और परिवार का आक्रोश
खेमका परिवार ने सरकार और पुलिस पर सुरक्षा न देने का आरोप लगाते हुए कहा, “इस सरकार में कोई सुरक्षित नहीं। अपराधी अब घर पर चढ़कर मार रहे हैं।” पटना के कई कारोबारी देर रात तक इकट्ठा होते रहे और कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते रहे।
पुलिस की प्राथमिक जाँच
सिटी एसपी दीक्षा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज जुटाए जा रहे हैं और “अपराधी किसी भी हाल में बच नहीं पाएँगे।” प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोली बहुत नज़दीक से दागी गई, जिससे घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सभी कोणों से तहकीकात की जा रही है।



