अंतरिक्ष से घर वापसी की उलटी गिनती शुरू : 14 जुलाई को लौटेंगे शुभांशु शुक्ला !
नोएडा: Axiom-04 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) पहुंचे भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला अब धरती की ओर वापसी की तैयारी कर रहे हैं।
ISRO ने पुष्टि की है कि 14 जुलाई को शुभांशु ISS से लौटेंगे, और 15 जुलाई को भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे अमेरिका के कैलिफोर्निया तट पर उनका स्पेसक्राफ्ट लैंड करेगा।
स्पेसएक्स के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट से होगी वापसी
शुभांशु और उनके साथ गए तीन अन्य अंतरिक्ष यात्री स्पेसएक्स के ड्रैगन क्रू कैप्सूल में सवार होकर धरती पर उतरेंगे। ड्रैगन ISS से अनडॉकिंग के बाद सीधे अमेरिकी तट की ओर रुख करेगा।
ISS में किए अहम वैज्ञानिक प्रयोग
14 दिन के इस ऐतिहासिक मिशन में शुभांशु ने कई वैज्ञानिक प्रयोग किए। ISRO की ओर से बताया गया है कि उन्होंने माइक्रोग्रैविटी में बायोलॉजिकल और मटीरियल साइंस से जुड़े प्रयोग किए हैं, जिनके सैंपल अब धरती पर लाए जाएंगे।
रचा इतिहास: बने पहले भारतीय ISS यात्री
शुभांशु शुक्ला ने इतिहास रचते हुए ISS में जाने वाले पहले भारतीय और राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष जाने वाले दूसरे भारतीय बनने का गौरव हासिल किया। देशभर में इस मिशन को लेकर उत्साह चरम पर रहा।
वापसी की तैयारी शुरू
ISRO के मुताबिक रविवार से सभी अंतरिक्ष यात्री अपने प्रयोगों के सैंपल पैक करना शुरू करेंगे और फ्लाइट सर्जन की निगरानी में लौटने की तैयारी करेंगे। शुभांशु की सुरक्षित वापसी का पूरा देश बेसब्री से इंतजार कर रहा है।




