उत्तर प्रदेश में कई IAS अधिकारियों के तबादले, मेधा रूपम होंगी गौतमबुद्धनगर की नई जिलाधिकारी

नोएडा: योगी आदित्यनाथ सरकार ने उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए 23 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है।
इनमें से 10 जिलों के जिलाधिकारियों को बदला गया है और नए अधिकारियों को ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। इस बदलाव का मकसद प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाना और विकास कार्यों में तेजी लाना है।
10 जिलों में नए डीएम की तैनाती
इस फेरबदल में गोरखपुर, प्रयागराज, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), कासगंज, कानपुर देहात, बहराइच, ललितपुर, मिर्जापुर और गोंडा जैसे प्रमुख जिलों में नए जिलाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इन अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं को धरातल पर लागू करने की जिम्मेदारी दी गई है।
नए जिलाधिकारियों की सूची
गोरखपुर – दीपक कुमार मीणा
गाजियाबाद – रविंद्र कुमार मंदार
प्रयागराज – मनीष कुमार वर्मा
गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) – मेधा रूपम
कासगंज – प्रणय सिंह
कानपुर देहात – कपिल सिंह
बहराइच – अक्षय त्रिपाठी
ललितपुर – अमनदीप डुली
मिर्जापुर – पवन कुमार गंगवार
गोंडा – प्रियंका निरंजन
वरिष्ठता को मिला महत्व, 2016 बैच को मौका नहीं
तबादलों में 8 अधिकारी रेगुलर रिक्रूट (RR) कैडर से और 2 अधिकारी स्टेट सिविल सर्विस (SCS) से प्रोन्नत किए गए हैं। इस बार खास बात यह रही कि 2016 बैच के किसी भी IAS अधिकारी को जिलाधिकारी नहीं बनाया गया, जबकि 2015 बैच को वरीयता दी गई। चर्चित आईएएस आलोक यादव को भी इस बार डीएम की पोस्ट नहीं मिली।
प्रशासनिक मजबूती की दिशा में कदम
योगी सरकार का यह कदम प्रशासनिक व्यवस्था को ज़मीनी स्तर पर अधिक मजबूत, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। जिन जिलों में ये बदलाव किए गए हैं, वहां कानून-व्यवस्था, विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने की उम्मीद जताई जा रही है।




