जीएसटी सुधार की ओर बड़ा कदम : 12% और 28% टैक्स स्लैब होंगे खत्म, GoM ने केंद्र के प्रस्ताव को दी मंजूरी

नई दिल्ली : वस्तु एवं सेवा कर (GST) व्यवस्था को सरल और तर्कसंगत बनाने की दिशा में केंद्र सरकार का बड़ा कदम सामने आया है। छह सदस्यीय मंत्री समूह (GoM) ने 12% और 28% जीएसटी स्लैब को समाप्त करने के केंद्र के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है। अब देश में केवल दो प्रमुख जीएसटी दरें – 5% और 18% – लागू करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि यह कदम आम जनता, किसानों, मध्यम वर्ग और एमएसएमई के लिए राहतकारी साबित होगा। वहीं, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि “दर युक्तिकरण से कर व्यवस्था अधिक सरल, पारदर्शी और विकास-उन्मुख बनेगी।”
क्या होगा सस्ता?
12% और 28% स्लैब हटने के बाद कई रोज़मर्रा की वस्तुओं और उपभोक्ता उत्पादों की कीमतों में कमी आएगी।
खाद्य पदार्थ व पैक्ड फूड
टूथ पाउडर, नमकीन, आलू चिप्स, केचअप, जैम, पास्ता, नूडल्स, घी, बटर चीज़, कंडेंस्ड मिल्क आदि पर जीएसटी घटकर 5% हो सकता है।
कंज्यूमर गुड्स
एसी, टीवी और छोटी कारें 28% से घटकर 18% स्लैब में आ सकती हैं।
बीमा सेवाएं
इंश्योरेंस प्रीमियम पर जीएसटी 18% से घटाकर 5% या शून्य करने पर विचार चल रहा है।
विशेष कर
‘सिन गुड्स’ (तंबाकू, पान मसाला, अल्ट्रा-लग्ज़री कारें आदि) पर 40% की विशेष दर लगाने का भी प्रस्ताव है।
केंद्र सरकार के इस प्रस्ताव को अब अंतिम निर्णय के लिए जीएसटी परिषद के समक्ष रखा जाएगा।




