Ghaziabad: पटाखों की वजह से इंदिरापुरम में लगी भीषण आग, कई परिवार फंसे
अग्निशमन विभाग की टीमें तुरंत पहुंच गईं और आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं।

गाजियाबाद में इंदिरापुरम के शक्ति खंड 2 स्थित फ्रेंड्स एवेन्यू स्थित एक रिहायशी इमारत में बुधवार रात अचानक आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियां आग बुझाने का काम कर रही है। आग की लपटें और फैलने से पहले स्थानीय निवासियों ने एक दर्जन से ज़्यादा परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अभी कई ओर परिवार आग में फंसे हो सकते है।
अग्निशमन विभाग की टीमें तुरंत पहुंच गईं और आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। आग लगने की वजह से गोवर्धन के त्यौहार पर जलाए जा रहे पटाखे बताए जा रहे है। आग लगने के कुछ ही देर में उसने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और घरेलू फर्नीचर, उपकरण और अन्य सामान जल गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
यह भयावह घटना दिवाली की रात गाजियाबाद जिले में विभिन्न स्थानों पर हुई कुल 48 बड़ी और छोटी आग की घटनाओं के कुछ ही दिनों बाद हुई है। सबसे भीषण आग संजय नगर में लगी, जहां तीन दुकानों को भारी नुकसान हुआ। आग इतनी भीषण थी कि एक दुकान के सामने खड़े लगभग छह दोपहिया वाहन आग की चपेट में आकर जल गए। गनीमत रही कि दिवाली के त्योहार के कारण दुकानें बंद थीं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।




