नाले में तैरता हुआ मिला महिला का शव, सिर और हाथ कटे हुए मिले, अब हुआ यह शक
एडीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि महिला का शव दो से तीन दिन पुराना हो सकता है।

नोएडा के सेक्टर-82 कट के पास एक महिला का शव तैरते हुए मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। महिला की लगभग 35 साल बताई जा रही है। शव को हत्या कर फेंकने की आंशका है। उसके सिर और हाथ कटे हुए मिले है। मृतका ने पीले रंग का सूट और सलवार पहने हुआ था। हालांकि, अभी मृतका के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस महिला की शिनाख्त और हत्यारों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
एडीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि महिला का शव दो से तीन दिन पुराना हो सकता है। बदबू आने पर राहगीरों की नजर शव पर पड़ी तो देखते ही देखते मौके पर भीड़ इक्टठा हो गई। घटना की सूचना सेक्टर-39 कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या करने के बाद शव को नाले में फेंका गया है। शिनाख्त मिटाने के लिए उसका सिर और हाथ काटे गए।
सड़क पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस पूरी घटना की जांच करने में जुटी है। इंटिग्रेटेड सिक्यूरिटी मैनेजमेंट सिस्टम की मदद भी ली जा रही है। इससे घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने निकलवाए है। ताकि ये पता चल सके कि डेड बॉडी यहां कैसे आई।




