मुश्किल भरा था सफर फिर भी किया रास्ता तैयार, अब यह बंगाली अभिनेता बड़े परदे पर आएगा नजर, जानिए संघर्ष भरी कहानी
कहानी दोस्ती, संबंधों और भावनाओं के उस पहलू को छूती है, जिसे आज की पीढ़ी अक्सर नजरअंदाज कर देती है।

बंगाली परिवार से तालुक रखने वाले सुशोभन सोनू राय का जीवन कठिनाइयां कम नहीं था। जब वह साढ़े तीन साल के थे, उनके पिता का निधन हो गया। उनके पिता कोलकाता स्थित वीईसीसी (Variable Energy Cyclotron Centre) में नियुक्त थे। परिवार के इकलौते सोनू की पढ़ाई लिखाई और लालन-पालन मां ने किया। मां के सामने अपने बच्चों की बड़ी जिम्मेदारी थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। परिवार को चलाने के लिए उनकी मां नौकरी करती हैं।
संघर्ष के बीच अब सुशोभन सोनू राय ने अपने लिए एक मुकाम हासिल किया है। वह जल्द ही बड़े परदे पर नजर आने वाले है। वह जल्द ही बंगाली फिल्म ‘टेक केयर भालोबासा’ में नजर आने वाले है। चार जुलाई 2025 से फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है। फिल्म की कहानी चार दोस्तों के इर्द गिर्द घूमती है। चार दोस्तों की दोस्ती और उनके बदलते रिश्तों पर आधारित बंगाली फिल्म ‘टेक केयर भालोबासा’ का निर्देशन युवा फिल्ममेकर सौमोजीत अदक कर रहे हैं।
कहानी दोस्ती, संबंधों और भावनाओं के उस पहलू को छूती है, जिसे आज की पीढ़ी अक्सर नजरअंदाज कर देती है। इस फिल्म के माध्यम से अभिनेता सुशोभन सोनू राय बड़े पर्दे पर अपनी पहली उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। वे इसमें जय नामक किरदार निभा रहे हैं, जो कहानी का एक अहम हिस्सा है। राय का जन्म हावड़ा में हुआ था और उनका बचपन कोलकाता और गुवाहाटी में बीता। उन्होंने दमदम मोतीझील रवींद्र महाविद्यालय से वाणिज्य में स्नातक की पढ़ाई पूरी की।
टेलीविजन से की शुरूआत
पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने पश्चिमी नृत्य का प्रशिक्षण लिया और कई मंच प्रस्तुतियों में हिस्सा लिया। अभिनय की दिशा में उनका पहला कदम निर्देशक पीयूष साहा के मार्गदर्शन में एक कार्यशाला से शुरू हुआ, जहाँ उन्होंने करीब डेढ़ साल तक प्रशिक्षण प्राप्त किया। कई ऑडिशन के बाद 2019 में उन्होंने टेलीविज़न पर अपनी शुरुआत की।
उनका पहला शो था ‘आनंदमयी मां’ (आकाश आठ चैनल) जिसमें उन्होंने स्वर्गीय निर्देशक देबिदास भट्टाचार्य के निर्देशन में एक वैष्णव भक्त का किरदार निभाया।
इसके बाद वे स्टार जलशा के लोकप्रिय सीरियल ‘मोहर’ और ‘कोरापाखी’ में नज़र आए, जहाँ उन्होंने अभिनेत्री परनो मित्रा के साथ एक नकारात्मक किरदार निभाया। उनके अन्य टेलीविज़न कार्यों में ‘जमुना ढाकी’ (ज़ी बांग्ला), ‘तितली’ और ‘खेलाघर’ (स्टार जलशा) शामिल हैं।
कोविड के दौरान मॉडलिंग की तरफ किया रुख
COVID-19 लॉकडाउन के दौरान उनके अभिनय के अवसर सीमित हो गए, जिसके बाद उन्होंने मॉडलिंग की ओर रुख किया। इस दौरान उन्होंने हॉलिडे इन होटल, डाबर, टाइटन आई+, वेलोसिटी आईवियर, अमेज़न, स्पेंसर, कैंपस शूज़, बिग बाज़ार, बायोटिक और फ़ियामा डि विल्स जैसे ब्रांडों के साथ काम किया।
कार्यशाला में फिल्म निर्देशक से हुई मुलाकात
2024 में, उन्होंने एक नई अभिनय कार्यशाला में हिस्सा लिया, जहां उनकी मुलाकात निर्देशक सौमोजीत अदक से हुई। ऑडिशन के बाद उन्हें ‘टेक केयर भालोबासा’ में अभिनय का अवसर मिला, जो उनके करियर का नया अध्याय साबित होने जा रहा है। सौमजीत द्वारा निर्देशित इस फिल्म का संगीत नीलायन चटर्जी और ईशान मित्रा ने दिया है।




