दनकौर-सिकंदराबाद पर हुए सड़क हादसे देवर-भाभी समेत तीन की मौत, आठ माह पहले हुई थी शादी
ऊंची दनकौर निवासी 25 वर्षीय हीरालाल अपनी भाभी तुलसी, भतीजी 12 वर्षीय कुमकुम, 10 वर्षीय भतीजे देवा के साथ बुलंदशहर के बैर कस्बा जा रहे थे।

दनकौर-सिकंदराबाद रोड पर कनारसी गांव के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज गति में जा रहे ट्रैक्टर ने दो बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में देवर-भाभी समेत तीन की मौत हो गई। जबकि दो की हालत गंभीर है।
जानकारी के अनुसार, ऊंची दनकौर निवासी 25 वर्षीय हीरालाल अपनी भाभी तुलसी, भतीजी 12 वर्षीय कुमकुम, 10 वर्षीय भतीजे देवा के साथ बुलंदशहर के बैर कस्बा जा रहे थे। वहां उन्हें एक शादी में शामिल होना था। जब वह कनारसी गांव पहुंचे, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसा में देवर-भाभी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
उसके बाद ट्रैक्टर ने दूसरी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में जुनैदपुर गांव निवासी 23 वर्षीय गौरव नागर की भी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
आठ माह पहले हुई शादी
हीरालाल दनकौर कस्बे में मोमोज बेचने का काम करते थे। बताया गया है कि गौरव की शादी करीब आठ महीने पहले ही हुई थी। उनकी मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत मिलने पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



