Noida: कांग्रेस ने दिया आश्वासन, BJP MLA ने लिखा CM को पत्र, सरफराज ने बताई यह सच्चाई
कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने बताया कि कांग्रेसी प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले नंगला हुकुम सिंह गांव पहुंचकर ग्रामीणों से हादसे के बारे में जानकारी हासिल की है।

रबूपुरा के नगला हुकुम सिंह गांव में शेटरिंग खोलते समय हुए हादसे में चार की मौत के बाद शुक्रवार को कांग्रेस और भाजपा नेताओं ने मृतक और घायलों के परिजनों से मुलाकात की। कांग्रेसी नेताओं ने परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। वहीं, भाजपा विधायक धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मृतक और घायलों के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने बताया कि कांग्रेसी प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले नंगला हुकुम सिंह गांव पहुंचकर ग्रामीणों से हादसे के बारे में जानकारी हासिल की है। इसके बाद जेवर में मृतकों के घर पहुंचकर पीड़ित परिवार के लोगों का ढांढस बंधाया। हादसे में मारे गए शाकिर व कामिल के पिता सरफ़राज़ एवं जीशान के पिता ज़ाहिद से मुलाकात की। मृतक जीशान की शादी पिछले माह हुई है। परिजनों ने बताया कि प्रशासन ने किसी भी प्रकार की कोई तत्काल मदद नहीं दी है। दीपक भाटी चोटीवाला ने इस गमगीन मौके पर कहा कि ये सब प्रशासन व प्राधिकरण के अधिकारियों की मिलीभगत से हो रहा है। दीपक भाटी चोटीवाला ने पीड़ित परिजनों को भरोसा दिलाया कि अधिकारियों पर आर्थिक मदद के लिए दबाव बनाया जाएगा।
मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
विधायक धीरेंद्र सिंह पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। विधायक ने मृतकों के आश्रितों और घायलों के उपचार के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखा है और आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने यह भी आग्रह किया है कि गंभीर रूप से घायल मजदूरों का उपचार निशुल्क कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जीवन की क्षति की भरपाई किसी भी प्रकार संभव नहीं है, लेकिन वह और प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
तीन आरोपी फरार
निर्माणाधीन मकान के जमींदोज होने के मामले में अभी तीन आरोपी फरार है। इस मामले में रबूपुरा कोतवाली पुलिस ने मकान मालिक महावीर, उनकी पत्नी राजबाला और बेटे गौरव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने ठेकेदार मनोज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के मुख्य आरोपी महावीर समेत तीन फरार है।



