किसानों ने कलेक्ट्रेट पर दिया धरना, जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर कर डाली ये मांग

ग्रेटर नोएडा: आज संयुक्त मोर्चे के आह्वान पर भारतीय किसान यूनियन द्वारा ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कलेक्टरेट पर एक विशाल धरना–प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अजीत अधाना ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष रॉबिन नागर द्वारा किया गया। लंबे समय से लंबित किसानों की प्रमुख मांगों को लेकर यह आंदोलन आज निर्णायक रूप में सामने आया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पवन खटाना ने कहा कि लगभग पाँच वर्ष पूर्व केंद्र सरकार द्वारा लाए गए दो कृषि क़ानूनों के विरोध में संयुक्त मोर्चे ने संपूर्ण भारत में व्यापक आंदोलन चलाया था, जिसके बाद सरकार को इन काले क़ानूनों को वापस लेना पड़ा। उस समय किसानों से वादा किया गया था कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर कानूनी गारंटी लागू की जाएगी, लेकिन आज तक न तो MSP पर कानून बना है और न ही किसानों की मूल समस्याओं का समाधान हुआ है।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार द्वारा बार–बार आश्वासन देने के बावजूद स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट आज तक लागू नहीं की गई है। किसान लगातार फसल लागत, मूल्य सुरक्षा, बढ़ते इनपुट खर्च और कृषि संकट से जूझ रहे हैं, परंतु उनकी माँगों को अनसुना किया जा रहा है।
इन्हीं मुद्दों को लेकर किसानों ने सूरजपुर कलेक्टरेट पर शांतिपूर्ण लेकिन प्रखर धरना–प्रदर्शन किया। सभी वक्ताओं ने साफ कहा कि जब तक MSP पर कानून, किसानों के लिए पेंशन योजना, कर्ज़ माफी और स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों और किसानों के प्रतिनिधि मंडल ने जिला अधिकारी मेघा रूपम को किसानों की सभी प्रमुख माँगों से संबंधित विस्तृत ज्ञापन सौंपा। जिला अधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
धरना–प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान, पदाधिकारी और संयुक्त मोर्चे के प्रतिनिधि शामिल रहे, जिन्होंने किसानों की एकता व संघर्ष को नई दिशा देने का संकल्प लिया।




