Noida: पार्कों में कपल्स के फोटो खींचकर लूट करने वाले गैंग का खुलासा, राहगीरों को इस तरह बनता था शिकार
पुलिस ने इनके पास से अवैध हथियार, लूट के 12 मोबाइल फोन, कार बरामद की है। पुलिस ने बताया कि शहजहांपुर निवासी रितेश, कासगज निवासी गजेंद्र सोलंकी और बरेली निवासी पवन उर्फ गुंडी को छोटा डी पार्क सेक्टर-62 की तरफ वाली रोड़ से गिरफ्तार किया गया है।

नोएडा की सेक्टर-58 कोतवाली पुलिस ने ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जोकि पार्कों में बैठे नए जोड़ों और सड़क पर चलने वाले अकेले व्यक्तियों को अपना निशाना बनाता था। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रितेश, गजेंद्र सोलंकी और पवन को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इनके पास से अवैध हथियार, लूट के 12 मोबाइल फोन, कार बरामद की है। पुलिस ने बताया कि शहजहांपुर निवासी रितेश, कासगज निवासी गजेंद्र सोलंकी और बरेली निवासी पवन उर्फ गुंडी को छोटा डी पार्क सेक्टर-62 की तरफ वाली रोड़ से गिरफ्तार किया गया है। इनका क्राइम करने का तरीका अलग है। ये तीनो एर्टिगा कार में सवार होकर पार्कों के पास घूमते रहते थे। साथ ही पार्को में बैठे लोगों को अपना निशाना बनाते थे। ये कपल्स के चोरी-छिपे फोटो खींच लेते थे और फिर उन्हें ब्लैकमेल करते।
जिसके एवज में डरा-धमकाकर उनके मोबाइल और पैसे लूट लिया करते थे। इतना ही नहीं, रात के अंधेरे में ये अकेले जा रहे राहगीरों और डिलीवरी बॉय से भी स्नैचिंग करते थे। 20 दिसंबर की रात को इस गैंग ने सेक्टर-62 के पास एक ज़ोमैटो डिलीवरी बॉय से भी मोबाइल छीना था, जिसकी रिपोर्ट थाना सेक्टर-58 में दर्ज थी।




