आम्रपाली गोल्फ होम्स के दुकानदारों का एनपीसीएल के खिलाफ प्रदर्शन, ड्यू डेट से पहले बिजली काटने और मल्टीपॉइंट कनेक्शन न देने का आरोप

ग्रेटर नोएडा – ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित आम्रपाली गोल्फ होम्स के दुकानदारों ने शुक्रवार को नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। दुकानदारों का आरोप है कि बिजली बिल की नियत तिथि (ड्यू डेट) से पहले ही बिजली आपूर्ति काट दी जाती है, जिससे उनका व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
दुकानदारों के अनुसार, आम्रपाली गोल्फ होम्स में लगभग 100 दुकानें संचालित हैं, जिनमें से करीब 90 दुकानदार नियमित रूप से समय पर बिजली बिल जमा करते हैं। इसके बावजूद केवल कुछ दुकानदारों के बकाया बिल के कारण पूरे कॉम्प्लेक्स की बिजली काट दी जाती है। इससे समय पर भुगतान करने वाले दुकानदारों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। दुकानदारों का कहना है कि यह कार्रवाई सामूहिक दंड (Collective Punishment) के समान है, जो नियमों और कानून के विरुद्ध है।
मामला उस समय और गंभीर हो गया जब ड्यू डेट से पहले ही बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। दुकानदारों का कहना है कि यह एनपीसीएल के नियमों और विद्युत आपूर्ति मानकों का खुला उल्लंघन है।
इसके साथ ही दुकानदारों ने बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व उन्होंने मल्टीपॉइंट कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। इसके लिए एनपीसीएल द्वारा पूरी धनराशि भी जमा करवा ली गई, लेकिन आज तक कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया गया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
एनपीसीएल की इस कार्यप्रणाली से नाराज दुकानदारों ने ऐलान किया है कि वे इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे, ताकि उन्हें न्याय मिल सके और भविष्य में इस प्रकार की कार्रवाई पर रोक लगाई जा सके।
दुकानदारों ने आम्रपाली कोर्ट रिसीवर और जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर से भी मांग की है कि वे मामले में हस्तक्षेप कर एनपीसीएल को नियमों के अनुसार कार्य करने के निर्देश दें, जिससे ईमानदार उपभोक्ताओं को बार-बार परेशान न किया जाए।
प्रदर्शन और बैठक में दिनेश चंद्र, गिरीश त्यागी, अमित गोयल, संजीव त्यागी, सुशील गुप्ता, चंदन राज, अभिषेक अग्रवाल सहित कई दुकानदार मौजूद रहे।




