Noida: घर से मालदीव जाने के लिए खुशी-खुशी पहुंचे दिल्ली एयरपोर्ट, टर्मिनल पर कदम रखते ही पैरों तले से खिसक गई जमीन
पकड़े गए आरोपी ने 100 से अधिक बेरोजगार युवाओं को मालदीव में प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन, मजदूर की नौकरी का झांसा देकर ठगी की है। वह एक युवक से नौकरी के नाम पर डेढ से पौने दो लाख रुपये लिया करता था।

बिसरख कोतवाली पुलिस ने मालदीव में नौकरी का झांसा देकर पैसे ऐंठने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए 50 फर्जी वर्क परमिट एंट्री पास, मालदीव कंपनी के तीन क्रिटोनिका कंपनी के एग्रीमेंट लेटर, तीन कॉन्टै्रक्ट लेटर, एक फर्जी आधार कार्ड की फोटो कापी, एक आधार कार्ड, पैन, चैकबुक और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए है।
पकड़े गए आरोपी ने 100 से अधिक बेरोजगार युवाओं को मालदीव में प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन, मजदूर की नौकरी का झांसा देकर ठगी की है। वह एक युवक से नौकरी के नाम पर डेढ से पौने दो लाख रुपये लिया करता था। पुलिस अभी उसका अपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की पहचान रामपुर के दोमाला रोड निवासी 38 वर्षीय इसहाक युनुस पुत्र युनुस उस्मान के रुप में की है। पकड़ा गया आरोपी फर्जी वर्क परमिट देकर युवाओं को ठगा करता था।
उसने पैसे लेकर कई युवकों को दिल्ली एयरपोर्ट पर भेज दिया। वह फ्लाइट का इंतजार करते रहे। पूरी तैयारी करने के बाद दिल्ली पहुंचे युवाओं को वापस लौटना पड़ा। अब 28 मार्च को दोबारा एयरपोर्ट पहुंचे तो वहां के लिए कोई फ्लाइट न होने की जानकारी मिली। शक होने पर जांच कराई तो उनका वर्क परमिट भी फर्जी निकला। आरोपी के खिलाफ पीड़ितों ने बिसरख कोतवाली पुलिस से शिकायत की।



