Noida: हाई अलर्ट मोड पर नोएडा और ग्रेटर नोएडा, चप्पे-चप्पे पर नजर, एक सप्ताह रहेगी धारा 163 लागू
श्रमिकों के संभावित धरना-प्रदर्शनों को देखते हुए जिले में 8 मई तक 'भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023' की धारा 163 (पूर्व में धारा 144) लागू कर दी गई है।

अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर गौतमबुद्धनगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। औद्योगिक क्षेत्रों और प्रमुख चौराहों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा का चक्रव्यूह तैयार किया है। पूरे जिले को जोन और सेक्टर में बांटकर चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है।
श्रमिकों के संभावित धरना-प्रदर्शनों को देखते हुए जिले में 8 मई तक ‘भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023’ की धारा 163 (पूर्व में धारा 144) लागू कर दी गई है। कानून व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए 50 से अधिक संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए हाई-टेक निगरानी की जा रही है। सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए पूरे कमिश्नरेट को 11 जोन और 49 सेक्टर में विभाजित किया गया है। इसमें नोएडा, सेंट्रल नोएडा और ग्रेटर नोएडा जोन के लिए अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं।
इस सुरक्षादरर व्यवस्था में बाहरी जनपदों से आए भारी पुलिस बल को भी शामिल किया गया है। ड्यूटी पर छह एसपी, एडिशनल SP, 30 डिप्टी SP समेत करीब 1800 से ज्यादा अतिरिक्त पुलिसकर्मी और 10 कंपनी PAC तैनात की गई है। खास बात यह है कि इस बार महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की भी बड़ी संख्या में ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस की मोबाइल टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं, वहीं कंट्रोल रूम से राजपत्रित अधिकारी पल-पल की अपडेट ले रहे हैं। पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लोगों को शासन के निर्देशों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।



