नोएडा के पेट्रोल पंपों पर जनसुविधाएं फेल, CONRWA ने डीएम से की सख्त कार्रवाई की मांग
शौचालय, पेयजल और एयर सुविधा में भारी कमी; महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी

नोएडा – नोएडा में पेट्रोल पंपों पर आम लोगों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं की हालत पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। कन्फेडरेशन ऑफ NCR रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशंस (CONRWA) ने जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि जिले के ज्यादातर पेट्रोल पंपों पर जनसुविधाएं तय मानकों के अनुरूप नहीं हैं।
CONRWA के मुताबिक, पेट्रोल पंप परिसरों में स्वच्छ पेयजल, शौचालय और बैठने जैसी जरूरी सुविधाएं या तो मौजूद नहीं हैं या बेहद खराब स्थिति में हैं। इसके अलावा, गाड़ियों में हवा भरने की सुविधा भी अक्सर खराब रहती है या समय से पहले बंद कर दी जाती है, जिससे लोगों को असुविधा झेलनी पड़ती है।
पत्र में बताया गया है कि कई पेट्रोल पंपों पर 16 से 48 नोजल तक संचालित होते हैं और रोजाना भारी संख्या में ग्राहक आते हैं, लेकिन इसके बावजूद केवल एक छोटा-सा कॉमन टॉयलेट बनाया गया है। अत्यधिक उपयोग के कारण ये शौचालय गंदे और अस्वास्थ्यकर हो जाते हैं। संगठन का कहना है कि मानकों के अनुसार पुरुष और महिलाओं के लिए अलग-अलग और पर्याप्त संख्या में शौचालय होने चाहिए।
CONRWA ने यह भी आरोप लगाया कि कई पेट्रोल पंप मालिकों ने प्राधिकरण द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक निर्माण कर लिया है, जिससे जनसुविधाओं के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची है।
संगठन के अध्यक्ष डॉ. पी.एस. जैन ने प्रशासन से मांग की है कि सभी पेट्रोल पंपों का सर्वे कराया जाए और जहां भी अनियमितताएं पाई जाएं, वहां सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही हर पेट्रोल पंप पर कम से कम दो-दो शौचालय (महिला और पुरुष के लिए) सुनिश्चित किए जाएं।
गर्मी के मौसम को देखते हुए CONRWA ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए जल्द निरीक्षण और सुधारात्मक कदम उठाने की अपील की है।



