दिनदहाड़े एटीएम कैश वैन लूट: गाजियाबाद में फायरिंग के बीच 25 लाख लेकर फरार हुए बदमाश, 8 टीमें जांच में जुटीं

गाजियाबाद – गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब बदमाशों ने एटीएम कैश वैन को निशाना बनाते हुए करीब 25 लाख रुपये की लूट को अंजाम दे दिया। जानकारी के अनुसार बदमाशों ने वैन को घेरकर ड्राइवर को बंधक बना लिया और फायरिंग करते हुए नकदी लेकर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के दौरान इलाके में दहशत का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि बदमाश दिल्ली नंबर की गाड़ी में आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ड्राइवर और कैश वैन को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के पास छोड़कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की आठ टीमें गठित की गई हैं।
वहीं कैश वैन के कर्मचारियों और ड्राइवर से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कर्मचारियों के बयान बदल रहे हैं, जिसके चलते अंदरूनी मिलीभगत की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा रहा है। फोरेंसिक टीम ने वैन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।




