×
Uncategorized

Noida: एक थी दीपिका नागर, फॉर्च्यूनर और नगदी न देने पर ससुराल में मिली मौत, बिसरा किया गया प्रिजर्व

दीपिका नागर के मायकेपक्ष के लोगों का दावा है कि उसे दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था।

बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के कुड़ी खेड़ा गांव में जन्मी दीपिका की दहेज के लिए हत्या कर दी गई। शादी में उसके परिवार ने करीब एक करोड़ खर्च किए थे। शादी के करीब 14 माह बाद ही उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। घटना रविवार देर रात ईकोटेक—3 कोतवाली के जलपुरा गांव में हुई। ईकोटेक—3 कोतवाली प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ नहीं है। उसका बिसरा प्रिजर्व कर फॉरेसिंक जांच के लिए भेजा गया है।

दीपिका नागर के मायकेपक्ष के लोगों का दावा है कि उसे दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था। दीपिका नागर के पिता संजय ने बताया कि उन्हें फॉर्च्यूनर गाड़ी चाहिए थी, 51 लाख रुपये चाहिए थे। पिता ने दावा किया कि शादी के तीन-चार महीने बाद ही दिक्कतें शुरू हो गईं।

पुलिस ने कहा कि दीपिका के पति, रितिक तंवर, और ससुर, मनोज को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। सेंट्रल नोएडा के डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि छत से गिरने से उसकी मौत हो गई। यह जानकारी मिलने पर, पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। दीपिका के पिता की शिकायत के मुताबिक, महिला के ससुराल वाले शादी में दिए गए दहेज से खुश नहीं थे। पिता संजय नागर का कहना है कि उन्होंने दिसंबर 2024 में शादी के दौरान 11 लाख रुपये कैश, 50 लाख रुपये का सोना, फर्नीचर और एक स्कॉर्पियो कार दी थी।

रविवार को, दीपिका ने कथित तौर पर रोते हुए अपने परिवार को फोन किया और बताया कि उसके पति और ससुराल वाले उसे पीट रहे हैं और उसके साथ बुरा बर्ताव कर रहे हैं। परिवार जहां इसे दहेज हत्या बता रहा है, वहीं पुलिस शुरुआती जांच में इसे दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर की गई आत्महत्या मानकर जांच आगे बढ़ा रही है। दीपिका नागर ने बीएड की पढाई की थी।

दीपिका नागर ग्रेटर नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र के कुड़ी खेड़ा गांव की रहने वाली थीं। परिवार और ग्रामीणों के मुताबिक वह पढ़ाई में काफी होशियार थीं और पोस्ट ग्रेजुएट तक शिक्षा हासिल कर चुकी थीं। गांव के लोग बताते हैं कि दीपिका बेहद शांत, समझदार और मिलनसार स्वभाव की लड़की थीं।

परिजनों के मुताबिक मांग पूरी नहीं होने पर दीपिका को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। परिवार का कहना है कि दीपिका कई बार फोन पर अपने साथ हो रहे व्यवहार के बारे में बताती थी, लेकिन रिश्तों और समाज की मर्यादा को देखते हुए सब कुछ सहती रही।

 

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Related Articles

Back to top button
Close