Noida: सिरफिरे युवक को लगा कि उसके परिवार के सब लोग हो गए खत्म, दो बच्चे समेत तीन पर कर दिया चाकू से हमला
आरोपी कुलेसरा में अपने परिवार के साथ रहता है। उसकी पत्नी अपने बच्चे के साथ मायके गई हुई है।

ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा में उस समय अफरा—तफरी मच गई, जब एक सिरफिरे ने एक युवक और दो बच्चों को चाकू से हमला कर घायल कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोपी कुलेसरा में अपने परिवार के साथ रहता है। उसकी पत्नी अपने बच्चे के साथ मायके गई हुई है। ईकोटेक—3 कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी की दिमागी हालत ठीक नहीं है। उसका इलाज भी चल रहा है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे ऐसा लगा कि उसके परिवार के सब लोग खत्म हो गए हैं। इसके बाद उसने कई लोगों पर चाकू से हमला कर दिया।
यह है पूरा मामला
शुक्रवार की सुबह कुलेसरा निवासी सोनू त्यागी किसी काम से बाहर जा रहे थे। जब वह सरकारी स्कूल के पास से गुजरे तो उनके गले पर चाकू से हमला कर दिया गया। अचानक हुए हमले में वह घायल हो गए। कुछ ही दूरी पर सात साल के कीर्तिक और नौ वर्षीय मिलन पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में कीर्तिक को चोट आई है और मिलन के बाएं हाथ की उंगली में चाकू लगने से घायल हुआ है।



