Greater Noida News: बेटा विदेश में, बेटी विदेश में… नोएडा में तीन दिन तक फ्लैट में पड़ा रहा पिता का शव

नोएडा – सेक्टर-76 स्थित आम्रपाली सिलिकान सिटी सोसायटी के 11वीं मंजिल के फ्लैट में बदबू आने पर पड़ोसी ने रविवार शाम को गार्ड और पुलिस बुलवाकर गेट खुलवाया। फ्लैट की लाइट कटी थी और उसमें किराये पर अकेले रहने वाले बुजुर्ग सोफे पर मृत मिले।
करीब तीन दिन पहले मौत होने के चलते शव से बदबू आ रही थी। पुलिस ने उनकी पत्नी को बुला कर जानकारी की और फारेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए। हार्ट अटैक या ब्रेन हेमरेज से मौत होने की आशंका है। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिया।
नोएडा सेक्टर 50 स्टेलर किंग सोसायटी के रहने वाले 68 वर्षीय राजीव अरोड़ा शेयर ट्रेडिंग करते थे। परिवार में पत्नी के अलावा बेटा व बेटी है। दोनों की शादी हो चुकी है। इंजीनियर बेटा लंदन में नौकरी करता है, जबकि बेटी इंडोनेशिया बाली में है।
उनका पत्नी से कई वर्ष पहले अलगाव हो चुका था। पत्नी सेक्टर 128 में रहती हैं। वह सिलिकान सिटी सोसायटी में छह माह से किराये पर रह रहे थे। स्वजन से पूछताछ में पता चला है कि शेयर बाजार में काफी घाटा उठा चुके थे। इससे वह मानसिक तनाव में थे।
फ्लैट की बिजली का बिल और किराया देना प्रभावित हो रहा था। इसके चलते फ्लैट के मालिक से भी विवाद हो चुका था। एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारण का पता चल सकेगा। सोसायटी व फ्लैट के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से भी मदद ली जा रही है।
घटना एक बार फिर महानगरों में अकेले रह रहे लोगों की सुरक्षा और सामाजिक देखभाल को लेकर सवाल खड़े करती है। खासतौर पर बुजुर्ग लोग और उनके स्वजन को ध्यान रखने की जरूरत है। पिछले दिनों सेक्टर 39 थाना क्षेत्र की एक सोसायटी में अकेले रहने वाले चिकित्सक भी फ्लैट में मृत मिले थे।
#UP #Noida #ElderMan



