Noida: जिन महिला कैदियों के जेल में नहीं पहुंचे भाई…उनसे कारागार मंत्री ने बंधवाई राखियां
कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने निरीक्षण करते हुए महिला बैरक में निरूद्ध महिलाओं से उनका हालचाल जाना।

कासना स्थित लुक्सर जिला जेल में रक्षाबंधन का पर्व बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। जेल में पहुंची बहनों ने अपने भाइयों से मुलाकात कर उनकी कलाई पर राखी बांधी। इस अवसर पर कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने जिला जेल का औचक निरीक्षण किया।
कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने निरीक्षण करते हुए महिला बैरक में निरूद्ध महिलाओं से उनका हालचाल जाना। साथ ही कारागार में निरुद्ध ऐसी महिला बंदियों जिनसे रक्षाबंधन के अवसर पर कोई परिजन मुलाकात नहीं आया था। उनसे कारागार मंत्री ने राखी बंधवाकर रक्षाबंधन का पर्व मनाते हुए महिला बंदियों को वस्त्र व मिठाई वितरित की, साथ ही महिला बन्दियों के आश्रित कारागार में रह रहे उनके बच्चों को चाकलेट, बिस्किट आदि वितरित किए। कारागार मंत्री द्वारा उक्त महिला बन्दियों से उनके परिवार व केस आदि की गहनता से जानकारी प्राप्त की गई तथा महिलाओं के कल्याण, सम्मान एवं पुर्नवास के प्रति भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित नीतियों एवं योजनाओं के सम्बन्ध में भी अवगत कराया गया।
इस पहल के माध्यम से महिला बंदियों में अपनत्व एवं भावनात्मक भावना को प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर बंदियों एवं उनके परिजनों के मध्य भाई-बहन के पवित्र स्नेह एवं पारिवारिक भावनाओं को सुदृढ़ करने हेतु कारागार में आए आगंतुकों के लिए समाज सेवी संस्थाओं अपराध निरोधक समिति, भारत विकास परिषद गौतमबुद्धनगर, इनर व्हील क्लब ग्रेटर नोएडा द्वारा फ्रूट, जूस, फ्रूटी एवं जेल प्रशासन द्वारा चाय व बिस्किट का वितरण भी किया गया। जेल अधीक्षक श्री बृजेश कुमार ने बताया कि जेल में रक्षाबंधन पर 2466 बहनों ने अपने भाई की कलाई पर राखी बांधी। इस मौके पर जेलर संजय कुमार शाही, राजेश कुमार मौर्य तथा अन्य कारागार अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई।



