Noida: गौतमबुद्ध नगर के सभी स्कूलों में लगेगी कानून की क्लास, विद्यार्थियों को मिलेगी संविधान और अधिकारों की जानकारी
कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को संविधान, कानूनी अधिकारों और कानूनों के प्रति किया जाएगा जागरूक

गौतमबुद्धनगर के स्कूलों में विद्यार्थियों को संविधान और कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के लिए विधि साक्षरता क्लब स्थापित किए जाएंगे। संविधान संवाद अभियान के तहत इन क्लबों के माध्यम से कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से दीवानी न्यायालय परिसर स्थित मीटिंग हॉल में शिक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिवानी रावत ने की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के तहत जनपद के सभी विद्यालयों में विधि साक्षरता क्लब स्थापित किए जाने हैं। प्रत्येक विद्यालय में एक शिक्षक को नोडल शिक्षक नामित किया जाएगा, जो क्लब की गतिविधियों की निगरानी करने के साथ अभियान के तहत निर्धारित कार्यक्रमों का संचालन सुनिश्चित करेगा।
प्रशिक्षण के दौरान नोडल शिक्षकों को भारतीय संविधान के विभिन्न अनुच्छेदों, पॉक्सो अधिनियम, निःशुल्क विधिक सहायता, राज्य के विभिन्न अंगों और निर्वाचन व्यवस्था से संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही विद्यालयों में संवैधानिक एवं कानूनी जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां प्रभावी ढंग से आयोजित करने के तरीके बताए गए।
जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में सिविल जज सिद्धार्थ कुमार, अंकिता सिंह, जूही आनंद, अधिवक्ता मध्यस्थ शिखर ठकराल, असिस्टेंट अधिवक्ता एलएडीसीएस विपुल यादव, अधिवक्ता मध्यस्थ सारिका मलिक सहित नामित नोडल शिक्षक मौजूद रहे।



