ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो की मांग तेज, एक्टिव एलायंस ने विधायक और सांसद से कर डाली ये मांग

ग्रेटर नोएडा वेस्ट। ग्रेटर नोएडा वेस्ट एक्टिव एलायंस के अध्यक्ष श्री राजेश शुक्ला ने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो कनेक्टिविटी की मांग को लेकर चलाए जा रहे अभियान को अब व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा। यदि केंद्र सरकार अगले 10 से 15 दिनों के भीतर मेट्रो परियोजना को मंजूरी नहीं देती है, तो क्षेत्र की हाईराइज सोसायटियों और आसपास के निवासियों के सहयोग से व्यापक जनआंदोलन एवं विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
श्री राजेश शुक्ला ने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसायटियों में रहने वाले लाखों लोगों की मेट्रो कनेक्टिविटी एक प्रमुख आवश्यकता है। क्षेत्र के निवासी पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। उनके अनुसार, इस क्षेत्र में लगभग दो से तीन लाख मतदाताओं को प्रभावित करने की क्षमता है। यदि सभी निवासी एकजुट होकर अपनी आवाज उठाते हैं, तो उनकी मांग को प्रभावी तरीके से सरकार तक पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने स्थानीय विधायक और सांसद से अपील की कि वे केंद्र सरकार एवं कैबिनेट स्तर पर प्रभावी पहल करते हुए अगले 10 से 15 दिनों के भीतर मेट्रो परियोजना को मंजूरी दिलाने का प्रयास करें।
तीन विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार उतारने की तैयारी
राजेश शुक्ला ने कहा कि यदि मेट्रो परियोजना को मंजूरी नहीं मिलती है, तो उनकी टीम आगामी 2027 विधानसभा और 2029 लोकसभा चुनाव में अपनी राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तैयार रहेगी। इसके तहत तीन विधानसभा क्षेत्रों में निर्दलीय उम्मीदवार उतारने और एक लोकसभा सीट पर भी स्वतंत्र उम्मीदवार खड़ा करने की रणनीति बनाई जा सकती है।
घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाने की अपील
उन्होंने अभियान से जुड़े सभी साथियों से ग्रेटर नोएडा वेस्ट और आसपास के विधानसभा क्षेत्रों में निवासियों से संपर्क स्थापित करने तथा मजबूत टीम तैयार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि घर-घर जनसंपर्क के माध्यम से लोगों की समस्याओं को समझा जाएगा और क्षेत्र के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।



