Noida: 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले, डॉ. बलकार सिंह बने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नए सीईओ
उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रविकुमार का भी तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का नया सीईओ नियुक्त किया गया है। वहीं, प्राधिकरण में एसीईओ के पद पर तैनात रहे प्रवीण वर्मा को जिलाधिकारी शामली बनाया गया है।
शासन की ओर से जारी तबादला सूची के अनुसार, एनजी रविकुमार को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) का सीईओ नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें आयुक्त एवं निदेशक, उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। अब तक यूपीसीडा के सीईओ रहे डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की कमान दी गई है। उन्हें स्थानीय आयुक्त और आयुक्त, एनसीआर का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
प्रशासनिक फेरबदल में मंडलायुक्त स्तर पर भी बदलाव किया गया है। के. विजयेंद्र पांडियन को कानपुर मंडलायुक्त से हटाकर वाराणसी का मंडलायुक्त बनाया गया है, जबकि वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम को कानपुर की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा भदोही, चंदौली, गोंडा, जौनपुर, श्रावस्ती और शामली जिलों में भी जिलाधिकारियों के तबादले किए गए हैं।
श्रमायुक्त रहीं सौम्या अग्रवाल को उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम सहित विभिन्न औद्योगिक एवं कताई मिलों से जुड़े संस्थानों का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। अनिल कुमार सिंह को भदोही का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। भदोही के डीएम शैलेश कुमार को चंदौली भेजा गया है, जबकि चंदौली के डीएम चंद्र मोहन गर्ग को विशेष सचिव, मुख्यमंत्री बनाया गया है।
रमेश रंजन को गोंडा का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। गोंडा की डीएम प्रियंका निरंजन को विशेष सचिव, नगर विकास बनाया गया है। उमेश मिश्रा को जौनपुर का डीएम और जौनपुर के डीएम सैमुअल पॉल एन. को अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग), सहकारी समितियां की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह मनोज कुमार राय को श्रावस्ती का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि श्रावस्ती की डीएम अन्नपूर्णा गर्ग को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार नियुक्त किया गया है। शामली के डीएम आलोक यादव को विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स बनाया गया है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में महत्वपूर्ण बदलाव
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में हुए इस नेतृत्व परिवर्तन को शहर के विकास और प्रशासनिक कामकाज के लिहाज से अहम माना जा रहा है। डॉ. बलकार सिंह के सामने प्राधिकरण की विकास परियोजनाओं, किसानों से जुड़े मुद्दों, औद्योगिक निवेश और शहर की बुनियादी सुविधाओं को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी। वहीं, एनजी रविकुमार को अब प्रदेश के औद्योगिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।




