Uncategorized
Noida: ऐस डिविनो सोसाइटी में दुर्गा पूजा महोत्सव की धूम, 2000 श्रद्धालुओं ने किए मां के दर्शन
बाल रामलीला में 56 बाल कलाकारों ने अपनी प्रतिभा दिखाई, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में करीब 100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ऐस डिविनो सोसाइटी में सात दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ। श्री श्री दुर्गा पूजा समिति, बाल रामलीला समिति और सांस्कृतिक समिति की ओर से 15 से 21 अक्टूबर तक आयोजित महोत्सव में करीब 2000 श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन किए। अष्टमी और नवमी पर श्रद्धालुओं ने भोग-प्रसाद ग्रहण किया। महोत्सव के दौरान सोसाइटी को आकर्षक ढंग से सजाया गया। पूजा-अर्चना के साथ बाल रामलीला, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और दो दिवसीय डांडिया नाइट का आयोजन किया गया।
बाल रामलीला में 56 बाल कलाकारों ने अपनी प्रतिभा दिखाई, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में करीब 100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। डांडिया और गरबा सहित विभिन्न कार्यक्रमों में लगभग 150 लोग शामिल हुए। बाल कलाकारों को मिला 56 हजार रुपये का पुरस्कार महोत्सव में ऐस ग्रुप के डायरेक्टर राहुल गुप्ता भी पहुंचे। उन्होंने मां दुर्गा की आरती करने के बाद रामलीला का मंचन देखा। आयोजन की व्यवस्थाओं, रामलीला की प्रस्तुतियों और सोसाइटी की सजावट से प्रभावित होकर उन्होंने समिति को दो लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया। वहीं, बच्चों के अभिनय की सराहना करते हुए 56 बाल कलाकारों को कुल 56 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की।
राम शोभायात्रा के साथ हुआ भंडारे का आयोजन 20 अक्टूबर को सोसाइटी में राम शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसी दिन सोसाइटी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया। 21 अक्टूबर को विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। पूरे आयोजन को सफल बनाने में स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन समितियों ने कहा कि महोत्सव मां दुर्गा की कृपा और सभी के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजकों ने सोसाइटी के निवासियों, अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए), प्रशासन, दानदाताओं और सभी प्रायोजकों का आभार जताया। साथ ही अगले वर्ष भी महोत्सव को इसी उत्साह के साथ आयोजित करने की घोषणा की।




