Noida: गौतमबुद्ध नगर में कड़ी सुरक्षा के बीच होगा MLC चुनाव, रवाना की गई पोलिंग पार्टियां, 13 केंद्रों पर होगा मतदान
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पोलिंग पार्टियों को निर्धारित सूची के अनुसार निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराई जाए

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए गौतमबुद्धनगर में शुक्रवार को मतदान होगा। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में पोलिंग पार्टियों की रवानगी और निर्वाचन सामग्री वितरण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पोलिंग पार्टियों को निर्धारित सूची के अनुसार निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराई जाए औ उसका अच्छी तरह मिलान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मतदान कार्मिकों की समय से रवानगी कराने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी रखने के निर्देश भी दिए, ताकि मतदान केंद्रों पर समय रहते तैयारियां पूरी हो सकें।
जनपद में कुल 13 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 25 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 17 मतदेय स्थल शामिल हैं। इस प्रकार कुल 42 मतदेय स्थलों पर 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा, मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं और सभी कार्मिकों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रूप से वापस लाकर तय स्थान पर जमा कराया जाए। निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




