Noida: नोएडा पुलिस ने 225 लोगों को दी खुशी, 50 लाख से अधिक कीमत के मोबाइल किए बरामद
गुम हुए करीब 50 लाख से अधिक कीमत के कुल 225 स्मार्टफोन्स को सफलतापूर्वक ट्रैक कर बरामद किया गया है।

नोएडा पुलिस कमिश्नरेट की सर्विलांस एवं सीसीटीएनएस सेल और सेक्टर-39 कोतवाली पुलिस ने को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने सर्विलांस और सीईआईआर पोर्टल की मदद से कमिश्नरेट क्षेत्र में गुम हुए करीब 50 लाख से अधिक कीमत के कुल 225 स्मार्टफोन को सफलतापूर्वक ट्रैक कर लिया है। जिन्हें बरामद करते हुए उनके मालिकों को लौटाया है। अपना खोया हुआ मोबाइल पाकर लोग खुश नजर आए।
गुम हुए करीब 50 लाख से अधिक कीमत के कुल 225 स्मार्टफोन्स को सफलतापूर्वक ट्रैक कर बरामद किया गया है। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि ये मोबाइल बाजारों, सब्जी मंडियों, ऑटो, बस, मेट्रो, ई-रिक्शा यात्रा के दौरान, शादी-समारोहों, पार्कों में टहलते समय व धार्मिक स्थलों पर छूटने या जेब से गिरने के कारण गुम हुए थे, जिनकी गुमशुदगी अलग-अलग थानों में दर्ज थी।
उन्होंने बताया कि सेक्टर-39 पुलिस और सर्विलांस/सीईआईआर सेल के अधिकारियों ने आधुनिक तकनीक और ट्रैकिंग पोर्टल के जरिए इन सभी फोन को ट्रेस किया। अलग-अलग थानों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए टीमों ने तीन से चार माह में डिजिटल मॉनिटरिंग के बाद यह बड़ी रिकवरी की। इस पूरे अभियान में थाना सेक्टर-39 पुलिस का विशेष योगदान रहा, जिसकी मदद से अकेले 44 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस टीम ने केंद्रीय पोर्टल (CEIR) पर डेटा अपडेट कर लगातार सर्विलांस ट्रैकिंग जारी रखी, जिससे ये फोन ट्रेस हो सके। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने नोएडा पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।




