Noida: दिवाली पर गदंगी के बीच बन रही थी मिठाइयां, मक्खी-मच्छर मिलने पर रगुल्ले व लड्डू किए गए नष्ट
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता और रितु सक्सेना की टीम ने सेक्टर-121 स्थित गढ़ी चौखंडी में गणेश स्वीट की निर्माणशाला से बूंदी के लड्डू का नमूना लिया।
दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच मिलावट और गंदगी से तैयार खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी तेज कर दी है। मंगलवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग की अलग-अलग टीमों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मिठाई बनाने वाली इकाइयों पर छापेमारी की। इस दौरान रसगुल्लों में मक्खी-मच्छर और अन्य गंदगी मिलने पर करीब 400 किलो रसगुल्ले और मिठाइयां नष्ट कराई गईं, जबकि 450 किलो बूंदी सीज कर दी गई। एक निर्माण इकाई में बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में मिठाई बनती मिलने पर उसका लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई शुरू की गई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता और रितु सक्सेना की टीम ने सेक्टर-121 स्थित गढ़ी चौखंडी में गणेश स्वीट की निर्माणशाला से बूंदी के लड्डू का नमूना लिया। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह और अमर बहादुर सरोज की टीम ने विलासपुर, दनकौर स्थित सुंदर सिंह की मिठाई निर्माणशाला पर छापा मारा। यहां से छेना और रसगुल्ले के नमूने लिए गए। जांच के दौरान करीब 100 किलो रसगुल्ले में मक्खी-मच्छर पड़े मिले। मिठाई प्रदूषित अवस्था में होने के कारण उसे मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए नष्ट करा दिया गया।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने रसूलपुर नवादा, सेक्टर-62 स्थित सम्यक मिठाई की निर्माणशाला पर कार्रवाई की। यहां से रसगुल्ला, बूंदी के लड्डू और बूंदी के नमूने लिए गए। जांच के दौरान करीब 450 किलो बूंदी को सीज कर दिया गया। वहीं, लगभग 300 किलो रसगुल्ले और मिठाई में मक्खी-मच्छर तथा गंदगी मिलने पर उन्हें नष्ट कराया गया।



