प्लॉट का विवाद लव की हत्या की वजह, पांच आरोपियों ने गिरफ्तारी के बाद बताई सच्चाई
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह घटना प्लॉट के विवाद में हुई। सचिन और पंकज वाल्मिकी का प्लॉट को लेकर गौरव एवं लव कुमार से विवाद हुआ था, जिसके बाद यह हमला किया गया।

ग्रेटर नोएडा की बिसरख कोतवाली पुलिस ने तिगरी गोलचक्कर स्थित ग्रीनफील्ड स्कूल के पास हुई फायरिंग में हुई एक की मौत के मामले में शनिवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो कार, एक बाइक और लकड़ी के पांच डंडे बरामद किए हैं।
डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि तीन नवम्बर को तिगरी गोलचक्कर स्थित ग्रीनफील्ड स्कूल के पास हुई थी। गौरव और उनके दोस्त लव कुमार पर हमला किया गया था। आरोप है कि सचिन और नितिश गुर्जर अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और लव कुमार को घसीटकर पीटना शुरू कर दिया। बचाव में आए गौरव पर भी फायरिंग कर दी। घटना में उसके पैर में गोली लग गई।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान पुलिस ने दनकौर के खेरली हाफिजपुर निवासी पंकज वाल्मिकी, गौर सिटी निवासी संजय पुत्र सुरेश सोलंकी, दिल्ली के दल्लुपुरा निवासी नितिश भाटी उर्फ जादू और दादरी के चक्रसैनपुर गांव निवासी अभिषेक भाटी एवं रितिक भाटी के रुप में की है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह घटना प्लॉट के विवाद में हुई। सचिन और पंकज वाल्मिकी का प्लॉट को लेकर गौरव एवं लव कुमार से विवाद हुआ था, जिसके बाद यह हमला किया गया। मृतक लव और उसके साथियों ने चारदिवारी तोड़ने की कोशिश की थी। इस दौरान एक युवक के साथ मारपीट भी की थी। इसी का विरोध जताते हुए सचिन और उसके साथियों ने लव के साथ मारपीट की। इस मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।




