Greater Noida: आईटीबीपी के जवान से ठगे 51 लाख, निवेश के नाम पर ऐसे की ठगी, आप भी रहे सावधान
ठगों ने राजेश को निवेश के नाम पर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। महिला और उसके साथी उन्हें मुनाफे के सपने दिखाते रहे। राजेश कुमार ने छह नवंबर 2025 तक कई बार में ठगों के बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में करीब 51 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर क्षेत्र स्थित आईटीबीपी के जवान से करीब 51 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि साइबर ठगों ने शेयर बाजार में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर उनसे ठगी की। महिला के जरिए जवान को अपने जाल में फंसाया और फर्जी ट्रेडिंग एप के माध्यम से भरोसा जीतकर धीरे-धीरे बड़ी रकम हड़प ली।
जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के सोनल जिले के रहने वाले जवान राजेश कुमार आईटीबीपी में तैनात है। वह सूरजपुर इलाके में रहते हैं। 26 अगस्त को राजेश कुमार की सोशल मीडिया पर ईशा देशाई नाम महिला से बातचीत शुरू हुई। महिला ने खुद को शेयर बाजार का एक्सपर्ट बताते हुए दावा किया कि वह अपने निर्देश में निवेश कराकर 30 प्रतिशत तक मुनाफा दिला सकती है।
ठगों ने राजेश को निवेश के नाम पर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। महिला और उसके साथी उन्हें मुनाफे के सपने दिखाते रहे। राजेश कुमार ने छह नवंबर 2025 तक कई बार में ठगों के बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में करीब 51 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जवान ने अपनी पूरी रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने नया पैंतरा अपनाया। रकम निकालने के लिए पहले टैक्स और ट्रांसफर फीस के नाम पर और पैसे जमा करने होंगे।
ठगी का शक हुआ होने पर उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया। मोबाइल नंबर बंद कर दिए गए। एप पर भी कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और फिर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया। साइबर क्राइम थाना प्रभारी विजय सिंह राणा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और एप से जुड़ी जानकारी खंगाली जा रही है।




