शारदा विश्वविद्यालय में सायरन बजते ही किया गया ब्लैक आउट, अफरा—तफरी के बीच पहुंची एम्बुलेंस!
मॉकड्रिल के दौरान हवाई हमले जैसी आपात से निपटने के टिप्स दिए गए। सर्वप्रथम हवाई हमले की चेतावनी देते हुए दो मिनट तक सायरन बजाया गया। सायरन बजते ही परिसर पूरी तरह ब्लैक आउट किया गया।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्म दिवस के मौके पर शुक्रवार को शारदा यूनिवर्सिटी में ब्लैक आउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। शासन के निर्देश पर पूरे प्रदेश में मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। मॉकड्रिल के दौरान अपर जिलाधिकारी और उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा कोर प्रियंका के नेतृत्व में किया गया।
मॉकड्रिल के दौरान हवाई हमले जैसी आपात से निपटने के टिप्स दिए गए। सर्वप्रथम हवाई हमले की चेतावनी देते हुए दो मिनट तक सायरन बजाया गया। सायरन बजते ही परिसर पूरी तरह ब्लैक आउट किया गया। साथ ही लोगों को जमीन पर लेटकर सुरक्षित स्थानों पर जाने की बात कही। काल्पनिक हवाई हमले के दौरान नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों द्वारा फायर एक्सटिंगुशर की सहायता से छोटी आग पर नियंत्रण पाया गया, जबकि फायर सर्विस द्वारा फायर टेंडर के माध्यम से बड़ी आग को सफलतापूर्वक बुझाया गया।
ध्वस्त बिल्डिंग में फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों द्वारा रेस्क्यू करने का अभ्यास कराया गया। गंभीर रूप से घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। इस मॉकड्रिल में आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और अन्य विभागों के बीच आपसी समन्वय बनाना भी रहा। निर्धारित समय पर विश्वविद्यालय परिसर में ब्लैक आउट कर वास्तविक परिस्थितियों का अभ्यास किया गया।




