Noida: नोएडा एयरपोर्ट के नजदीक बसेगी जापानीज सिटी, यमुना प्राधिकरण ने शुरू की प्रक्रिया
यीडा के एसीईओ राजेश कुमार ने बताया कि जापानीज सिटी के लिए जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जमीन अधिग्रहण के लिए सूचना प्रकाशित करा दी गई है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद अब यमुना प्राधिकरण ने विकास ओर तेज कर दिया है। सीएम योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे के बाद विकास कार्य ओर तेज कर दिए है। अब यमुना प्राधिकरण ने जापानीज सिटी बसाने की प्रक्रिया शुरू की है। अधिकारियों के मुताबिक, जापान के निवेशकों के लिए औद्योगिक के साथ—साथ आवासीय सेक्टर उनकी जरूरतों के अनुसार विकसित की जानी है।
यीडा के एसीईओ राजेश कुमार ने बताया कि जापानीज सिटी के लिए जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जमीन अधिग्रहण के लिए सूचना प्रकाशित करा दी गई है। किसानों से सहमति बनाकर उनको मुआवजा देने का काम शुरू होगा। जमीन प्रक्रिया यीडा पूरी करेगा। जापानी सिटी विकसित करने के लिए करीब 500 एकड़ जमीन अधिग्रहण की जानी है। जमीन पर कब्जा मिलने के बाद विकास कार्य और भूखंड़ नियोजन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। औद्योगिक विकास के लिए मुख्यमंत्री की यह महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है।
अधिकारियों के मुताबिक, नोएडा एयरपोर्ट के नजदीक इस सिटी को ‘मिनी जापान’ की तरह डवलप किया जाएगा। निवेशकों को हर मूलभुत सुविधा दी जाएगी। जापानी नागरिकों के लिए उनकी संस्कृति के अनुसार घर, स्कूल, अस्पताल और होटल बनाए जाने का प्रस्ताव है। औद्योगिक इकाइयों के साथ-साथ जापानी खान-पान और जीवनशैली के लिए विशेष व्यावसायिक केंद्र यहां विकसित किए जाएंगे।




