गाजियाबाद में भीषण आग: गोल मार्केट की 20 से अधिक दुकानें जलकर खाक, हाई-राइज बिल्डिंग तक पहुंचीं लपटें

गाजियाबाद – गर्मी के बढ़ते तापमान के बीच गाजियाबाद के थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र स्थित गोल मार्केट में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस हादसे में करीब 20 से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गईं और लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया।
आग की लपटें पास स्थित एक हाई-राइज बिल्डिंग के 18वें फ्लोर तक पहुंच गईं, जिससे वहां भी फ्लैट में रखा सामान जल गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बिल्डर द्वारा भारी शुल्क लेने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। वहीं, पास में मौजूद एलपीजी पंप तक आग न पहुंचना बड़े हादसे को टालने वाला साबित हुआ। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए नोएडा से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं और कुल सात से अधिक फायर टेंडर तैनात किए गए। प्रशासन ने बढ़ती गर्मी के बीच लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।



