Noida: भीषण गर्मी में पानी की कमी से बढ़ रहा शुगर, हीटस्ट्रोक का बढ़ा खतरा
इस मौसम में बढ़ती गर्मी और उमस का सीधा असर लोगों की सेहत पर दिख रहा है। बढ़ती गर्मी में डायबिटीज मरीजों को डॉक्टरों ने दी खास एहतियात बरतने की सलाह।

आम लोगों को सेहत और डायबिटीज के प्रति जागरूक करने और उन्हें मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए नोएडा डायबिटिक फोरम लगातार मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन करता है। इसी कड़ी में रविवार को नोएडा के सेक्टर-33 स्थित महाराज अग्रसेन भवन में निशुल्क हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में 255 लोगों की मुफ्त ईसीजी, ब्लड ग्लूकोज, लंग्स टेस्ट और अल्ट्रासाउंड जैसी जांचें की गईं।
नोएडा डायबिटिक फोरम की ओर से आयोजित इस शिविर में सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ थी। कैंप में आए 255 लोगों की न सिर्फ मुफ्त जांच की गई, बल्कि उन्हें डॉक्टरों द्वारा उचित परामर्श भी दिया गया। इस दौरान मरीजों की ईसीजी, ब्लड ग्लूकोज, लंग्स टेस्ट, आंख-कान-गला, यूरिक एसिड, अल्ट्रासाउंड, बॉडी मास इंडेक्स (BMI) और इको (ECO) जैसी कई महत्वपूर्ण जांचें पूरी तरह मुफ्त की गईं।
इस मौसम में बढ़ती गर्मी और उमस का सीधा असर लोगों की सेहत पर दिख रहा है। बढ़ती गर्मी में डायबिटीज मरीजों को डॉक्टरों ने दी खास एहतियात बरतने की सलाह। डॉक्टरों के मुताबिक, गर्मियों में तापमान बढ़ने से ब्लड शुगर लेवल में अचानक उतार-चढ़ाव, डिहाइड्रेशन और हीटस्ट्रोक का खतरा काफी बढ़ जाता है। तेज धूप इंसुलिन के अवशोषण को तेज कर सकती है, जिससे शुगर लेवल अचानक गिर सकता है। शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) होने से शुगर लेवल अचानक बढ़ सकता है। इसके लिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी और नारियल पानी जैसे तरल पदार्थ लें। चाय, कॉफी और शराब का अत्यधिक सेवन करने से बचें, क्योंकि ये शरीर में डिहाइड्रेशन को बढ़ाते हैं।
शिविर के आयोजन में अहम भूमिका निभाने वाले संजय शर्मा ने बताया कि यह निशुल्क हेल्थ चेकअप कैंप हर महीने के तीसरे रविवार को तय होता है। हालांकि, स्थानीय सामाजिक संस्थाओं और आरडब्ल्यूए (RWA) के सहयोग से कैंप का स्थान हर बार बदला जाता है ताकि शहर के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लोगों को इसका लाभ मिल सके।
संजय शर्मा ने बताया कि नोएडा डायबिटिक फोरम का यह सेवा भाव सिर्फ नोएडा शहर तक सीमित नहीं है। फोरम की टीम साल में दो बार (मई-जून और अक्टूबर-नवंबर) उत्तराखंड के उन दूरदराज के इलाकों का रुख करती है, जहां स्वास्थ्य सुविधाएं बेहद कमजोर हैं। वहां न सिर्फ मुफ्त जांच की जाती है, बल्कि करीब 3,000 लोगों को तीन महीने तक की दवाइयां मुफ्त दी जाती हैं। इसी अभियान के तहत आगामी 6 जून को उत्तराखंड के सितारगंज (जिला उधम सिंह नगर) में एक विशाल कैंप लगाया जाएगा। इस एक दिवसीय कैंप में नोएडा से 22 डॉक्टरों समेत पैरामेडिकल स्टाफ को मिलाकर करीब 100 लोगों की टीम भाग लेने जा रही है।




